जयपुर बस हादसे में 3 की मौत और 10 घायल
मंगलवार को जयपुर के मनोहरपुर इलाके में एक दर्दनाक बस हादसा हुआ। बस हाईटेंशन लाइन से टकरा गई, जिससे उसमें करंट आ गया और आग लग गई। हादसे में उत्तर प्रदेश के तीन मजदूरों की मौत हो गई और दस अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में सिलेंडर भी रखे थे, जिनमें से एक में विस्फोट हो गया।
बस में 65 मजदूर थे
जयपुर कलेक्टर जितेंद्र सोनी ने बताया कि बस में 65 मजदूर सफर कर रहे थे, जिन्हें ईंट भट्टे पर काम के लिए लाया जा रहा था। हादसा भट्टे से 300 मीटर पहले हुआ। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में रेफर किया गया है। मृतकों में नसीम (50) और सहीनम (20) शामिल हैं, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
देश में 15 दिनों में 5 बड़े बस हादसे
पिछले 15 दिनों में यह पांचवां बड़ा बस हादसा है। 14 अक्टूबर को जैसलमेर में, 24 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के कुरनूल में, 25 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के अशोकनगर में और 26 अक्टूबर को यूपी के आगरा एक्सप्रेसवे पर बसों में आग लगने की घटनाएं हुई थीं। इन हादसों में कई लोगों की जान गई, जबकि कुछ ने बस से कूदकर जान बचाई।
जयपुर हादसे ने एक बार फिर बस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे घटनाओं से बचने के लिए सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की जरूरत है।
Bhavanesh Soni