कांग्रेस में अजय सिंह की 'अलग राह': चंबल के बाद बुंदेलखंड में जनसंपर्क, 2028 में सरकार का दावा
मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में अभी पौने तीन साल शेष हैं, लेकिन कांग्रेस के भीतर सत्ता की दौड़ तेज हो गई है। इसी क्रम में, पूर्व नेता प्रतिपक्ष और सीधी जिले की चुरहट सीट से सात बार के कांग्रेस विधायक अजय सिंह "राहुल" पूरे प्रदेश के दौरे पर निकल पड़े हैं। पिछले महीने उन्होंने चार दिनों तक चंबल क्षेत्र का दौरा किया था और अब वे बुंदेलखंड में पुराने कांग्रेसियों से मिल रहे हैं।
विंध्य क्षेत्र से बाहर सक्रियता
अजय सिंह, जो पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के बेटे हैं और स्वयं भी मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री व नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं, अब अपने पारंपरिक विंध्य क्षेत्र से बाहर अन्य क्षेत्रों में अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं। उनके दौरे और बयान यह स्पष्ट करते हैं कि वे अपनी राजनीतिक जमीन स्वयं तैयार कर रहे हैं और चुनाव से पहले विंध्य तक सीमित न रहकर पूरे प्रदेश में अपनी टीम बनाने में जुटे हैं।
पुराने कांग्रेसियों को जोड़ने का प्रयास
अजय सिंह ने 16 मार्च को बुंदेलखंड दौरे के दौरान ओरछा में रामराजा सरकार के दर्शन किए और निवाड़ी में मीडिया से बात करते हुए कहा, "मैं फुर्सत में हूं… सात बार का विधायक हूं, ज्यादा काम धाम है… नहीं तो सोचा यही करूं।" उन्होंने यह भी बताया कि उनकी यह यात्रा उन कांग्रेसियों को जोड़ने के लिए है जो घरों में बैठे हैं। वे स्वर्गीय पिता अर्जुन सिंह से जुड़े पुराने कांग्रेसियों से मिल रहे हैं और मंचीय कार्यक्रमों के बजाय जिला कांग्रेस कार्यालयों में कार्यकर्ताओं से मेल-मुलाकातें कर रहे हैं तथा उनके घर जाकर संपर्क साध रहे हैं।
फरवरी महीने में, 11 से 15 तारीख तक, अजय सिंह ने चंबल अंचल का दौरा किया, जिसमें ग्वालियर, मुरैना, भिंड और दतिया जिले शामिल थे। लहार में उन्होंने कहा था कि वे प्रदेश की हर उस विधानसभा में जाएंगे जहां कार्यकर्ता शांत बैठे हैं या जागरूक नहीं हैं, और उन्हें जागरूक करेंगे। साथ ही, वे घर बैठे वरिष्ठ नेताओं से मिलकर रणनीति सीखने और समझने का प्रयास कर रहे हैं। अजय सिंह ने यह भी जोर दिया कि अब चंबल और विंध्य के बीच रिश्तेदारियां बढ़नी चाहिए।
2028 में कांग्रेस सरकार का दावा
टीकमगढ़ में अजय सिंह ने कहा कि वे ठंडे पड़े कांग्रेसियों में ऊर्जा भरने निकले हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 2018 में भी उन्होंने पूरे प्रदेश में यात्रा निकाली थी और उस दौरान माला न पहनने का फैसला लिया था, जिसके बाद कांग्रेस की सरकार बनी थी। इस बार भी उन्होंने अपनी यात्रा के दौरान माला न पहनने का फैसला लिया है। अजय सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि 2028 में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी और इस बार वह पूरे 5 साल चलेगी।
Satyam Tripathi