खंडवा में धर्मगुरु पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद बवाल, थाने पर पथराव और युवती से मारपीट
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में एक धर्मगुरु पर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। मुस्लिम समाज के युवकों ने मोघट रोड थाने को घेरकर जमकर हंगामा किया और धरना प्रदर्शन किया।
सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने थाने के सामने इकट्ठा होकर टिप्पणी साझा करने वालों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस द्वारा शिकायत दर्ज करने के बावजूद भीड़ शांत नहीं हुई और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए थाने के अंदर घुसने की कोशिश की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधिकारियों से बहस की और थाने पर पथराव भी शुरू कर दिया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। भीड़ को थाने से खदेड़ने के दौरान, हुड़दंगियों ने कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान स्कूटी से नवचंडी मेले जा रही एक युवती के साथ भी बदसलूकी और मारपीट की गई। युवती ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई, जिसके बाद उसे मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
खंडवा में उपजे इस तनावपूर्ण माहौल के बाद मोघट थाना सहित इमलीपुरा और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
Ravi Yadav