कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, CBSE चेयरमैन ट्रांसफर पर उठाए सवाल, 6 जून को जंतर-मंतर पर आंदोलन

· 1 min read
कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, CBSE चेयरमैन ट्रांसफर पर उठाए सवाल, 6 जून को जंतर-मंतर पर आंदोलन

कॉकरोच जनता पार्टी ने CBSE चेयरमैन के तबादले को बताया दिखावा, 6 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की घोषणा

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने बुधवार को दिल्ली में अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पार्टी के तीन प्रवक्ताओं ने शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई और कहा कि वे इसके लिए सरकार और विपक्ष दोनों से बातचीत को तैयार हैं। CJP प्रवक्ता सौरव दास ने CBSE चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता के तबादले को केवल एक दिखावा बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय होनी चाहिए और केवल तबादलों से समस्या का समाधान नहीं होगा।

6 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन

CJP फाउंडर अभिजीत दिपके 6 जून को अमेरिका से दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद वे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति लेने के लिए संसद मार्ग थाने जाएंगे। पार्टी ने देशभर के युवाओं से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। पार्टी ने यह भी दावा किया कि जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी इस प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं। CJP नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन शिक्षा व्यवस्था और राजनीतिक तंत्र को लेकर युवाओं की बढ़ती नाराजगी को दर्शाता है।

कैसे बनी कॉकरोच जनता पार्टी

कॉकरोच जनता पार्टी एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है, जो भारत के चीफ जस्टिस की हालिया कॉकरोच टिप्पणी के बाद सामने आया। CJP के इंस्टाग्राम पर 2 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। इसे अभिजीत दीपके ने बनाया है। 30 वर्षीय अभिजीत दिपके महाराष्ट्र के संभाजी नगर के रहने वाले डिजिटल मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट हैं। उन्होंने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वर्तमान में अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशन से मास्टर्स कर रहे हैं। अभिजीत 2020 से 2022 तक आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट रह चुके हैं।

Sachin Saxena