लाड़ली बहनों को ₹1500 मिलेंगे, राशि सिवनी से ट्रांसफर
मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री द्वारा लाड़ली बहनों को ₹250 प्रतिमाह की बढ़ोतरी के साथ अब ₹1500 की राशि देने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। मुख्यमंत्री ने भाई दूज के अवसर पर इस बढ़ोतरी की घोषणा की थी।
12 नवंबर को सिंगल क्लिक से राशि ट्रांसफर
12 नवंबर को एक करोड़ 26 लाख लाड़ली बहनों के खातों में ₹1500 की राशि सिवनी से सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर की जाएगी। मार्च 2023 से अब तक लाड़ली बहनों को करीब ₹44,000 करोड़ वितरित किए जा चुके हैं। इस वित्तीय वर्ष में ₹20,450 करोड़ खर्च होने का अनुमान है।
बिरसा मुंडा जयंती और अन्य कार्यक्रम
15 नवंबर को बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर जबलपुर और आलीराजपुर में बड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। जबलपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे। सभी जिलों में जिला स्तरीय कार्यक्रम भी होंगे, जहां जनजातीय प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
भावांतर योजना से किसानों को राहत
भावांतर योजना के तहत 13 नवंबर को देवास से एक लाख 32 हजार किसानों को ₹300 करोड़ का भुगतान किया जाएगा। सोयाबीन के मॉडल रेट ₹4036 प्रति क्विंटल निकाला गया है। योजना से किसानों को बड़ा फायदा मिल रहा है।
सोलर पैनल और अन्य फैसले
सरकारी भवनों पर सोलर पैनल लगाने की रेस्को योजना पूरी तरह से पीपीपी मॉडल पर आधारित होगी। इसके अतिरिक्त, रीवा-दिल्ली फ्लाइट सेवा और पचमढ़ी-मढ़ई हेलिकॉप्टर यात्रा की शुरुआत के फैसले भी कैबिनेट बैठक में लिए गए।
Janmejay Chaturvedi