लालू ने आरजेडी नेता अफजल अली को 6 साल के लिए पार्टी से निकाला
बिहार चुनाव से पहले कई दलों में नेताओं को पार्टी से बाहर करने का सिलसिला जारी है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने अपने नेता मो. अफजल अली खान को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। उन पर पार्टी के फैसले की अवहेलना और हठधर्मिता का आरोप लगाया गया है।
गौड़ा बौराम सीट पर विवाद
यह मामला दरभंगा की गौड़ा बौराम सीट से जुड़ा है। इंडिया गठबंधन ने यह सीट विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को देने का निर्णय लिया था। महागठबंधन के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में संतोष सहनी को समर्थन दिया गया। शुरुआत में राजद ने अफजल अली को इस सीट से पार्टी सिंबल देकर प्रत्याशी बनाया था और उन्होंने नामांकन भी दाखिल किया। लेकिन बाद में सीट वीआईपी को सौंप दी गई।
पार्टी आदेश की अवहेलना
अफजल अली को पार्टी द्वारा गठबंधन धर्म का पालन करने और नामांकन वापस लेने को कहा गया था। तेजस्वी यादव ने भी उन्हें वीआईपी के पक्ष में बैठने को कहा। लेकिन अफजल अली ने न केवल पार्टी का आदेश मानने से इनकार किया, बल्कि अपना नामांकन भी वापस नहीं लिया। इसके चलते उन्हें पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया।
आरजेडी ने इस संबंध में एक पत्र जारी किया है जिसमें अफजल अली पर पार्टी के नेतृत्व के निर्णयों के खिलाफ आचरण का आरोप लगाया गया है। इससे पहले भी राजद ने 27 नेताओं को पार्टी से बाहर कर दिया था।
Janmejay Chaturvedi