ललित मोदी का बयान: मैं भगोड़ा नहीं, दुनिया घूम रहा हूं
IPL के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने कहा कि 'भगोड़ा' शब्द का इस्तेमाल मीडिया द्वारा किया गया है। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ आज तक कोई केस नहीं है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, "मैं बिल्कुल भी नहीं भाग रहा हूं। मैं पूरी दुनिया में घूम रहा हूं। अगर मैं भाग रहा होता, तो आप मुझे कहीं न कहीं पकड़ ही लेते। भारत सरकार की पहुंच बहुत लंबी है। आप भारत सरकार से पंगा नहीं ले सकते। और मेरा ऐसा कोई इरादा भी नहीं है।"
IPL मेरे बच्चे जैसा: मोदी
IPL को लेकर उन्होंने कहा कि वह हमेशा से इसके प्रति पैशनेट रहे हैं। उन्होंने कहा, "आखिरकार IPL मेरे बच्चे जैसा है। मैं भले ही उससे जुड़ा हूं या नहीं, मुझे फर्क नहीं पड़ता। मेरे पिता अच्छे बिजनेसमैन थे, लेकिन आज मेरे परिवार को ललित मोदी की वजह से जाना जाता है।"
न्याय में देरी एक सजा: मोदी
मोदी ने भारतीय न्याय व्यवस्था पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, "हमारे देश में कभी सुनवाई होती ही नहीं है। न्याय मिलता तो है, लेकिन इसमें बहुत देर लग जाती है। देर से मिलने वाला न्याय भी एक तरह की सजा ही है। मेरे खिलाफ एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ है। अगर मैं इतना ही बुरा हूं तो ठीक है, भाई लोगो, जाओ और मुझ पर मुकदमा चलाओ।"
भारत लौटने की योजना नहीं
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अपना नाम बेदाग करने के लिए भारत लौटने की योजना बना रहे हैं, तो उन्होंने कहा, "नहीं, अब मेरी प्राथमिकताएं बदल गई हैं। अब खुद को सही साबित करने की चाहत खत्म हो चुकी है।" उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें गिरफ्तार करना है तो कोर्ट ले जाना होगा, लेकिन 17 साल हो गए, ऐसा नहीं हुआ।
राजनीतिक रसूखदारों पर आरोप
पी चिदंबरम जैसे नेताओं से विवाद पर उन्होंने कहा, "जिन लोगों के पास राजनीतिक रसूख है, जिनके अपने निजी स्वार्थ हैं, वही लोग मेरे खिलाफ विवाद खड़ा करने के लिए जिम्मेदार हैं।" उन्होंने दावा किया कि उनकी कांग्रेस सरकार से तब बिगड़ गई जब उन्होंने IPL के लिए सुरक्षा देने से इनकार कर दिया।
कोच्चि IPL फ्रेंचाइजी विवाद
2010 में कोच्चि टस्कर्स IPL फ्रेंचाइजी को लेकर हुए विवाद पर उन्होंने कहा कि उन्होंने टीम के मालिकों के समूह पर सवाल उठाए थे, जिसमें शशि थरूर की दिवंगत पत्नी, सुनंदा पुष्कर से जुड़ा एक कथित तौर पर धोखाधड़ी वाला इक्विटी ढांचा शामिल था। उन्होंने दावा किया कि उस समय की UPA सरकार की पूरी मशीनरी उन्हें गिराने के लिए एकजुट हो गई थी।
दाऊद इब्राहिम से धमकी
जब उन्होंने भारत छोड़ा था, तब उन्होंने दाऊद इब्राहिम से धमकी मिलने की बात कही थी। उन्होंने बताया कि दाऊद इब्राहिम क्रिकेट के सट्टे को कंट्रोल करता था और माफिया ने उन्हें करोड़ों डॉलर की पेशकश की थी, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया था। इसके बाद उनकी जान लेने की तीन बार कोशिश भी हुई।
बायोपिक और टी-20 का भविष्य
उन्होंने अपनी बायोपिक पर काम जारी रहने की बात कही और रणवीर सिंह को मुख्य भूमिका के लिए उपयुक्त बताया। टी-20 के शुरुआती दौर पर उन्होंने कहा कि 2007 में कई सीनियर खिलाड़ी यह फॉर्मेट नहीं खेलना चाहते थे, लेकिन अब स्थिति बदल गई है।
Pushpendra Chaubey