माउंट एवरेस्ट: पर्वतारोहियों की पहली पसंद क्यों?
दुनिया भर के पर्वतारोहियों का सपना विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को फतह करना होता है। माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई समुद्र तल से 8,848.86 मीटर है। हर सीजन में बड़ी संख्या में दुनिया भर के पर्वतारोही माउंट एवरेस्ट के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराते हैं, लेकिन इनमें से केवल कुछ ही इस चोटी तक पहुंचने में कामयाब हो पाते हैं।
दुनिया में केवल माउंट एवरेस्ट ही इकलौती चोटी नहीं है, बल्कि कई चोटियां मौजूद है, जहां पर पर्वतारोही जाते हैं। बावजूद इसके अधिकांश पर्वतारोहियों की पहली पसंद माउंट एवरेस्ट ही होता है। माउंट एवरेस्ट पर चढ़ना पर्वतारोहियों के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जाती है, जिससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान और सम्मान मिलता है।
दुनिया की प्रमुख और सबसे ऊंची पर्वत चोटियां
माउंट एवरेस्ट
इस चोटी की ऊंचाई समुद्र तल से 8,848.86 मीटर यानी 29,031.7 फीट के करीब है। हिमालय में स्थित यह दुनिया की सबसे ऊंची चोटी है। नेपाल में इसको सागरमाथा और तिब्बत में चोमोलुंगा के नाम से जाना जाता है।
K2 (गॉडविन-ऑस्टिन)
दुनिया की दूसरी सबसे ऊंची चोटी K2 है। इसकी ऊंचाई समुद्र तल से 8,611 मीटर यानी 28,251 फीट के करीब है। यह काराकोरम रेंज पाकिस्तान में स्थित है।
कंचनजंगा
हिमालय का यह पर्वत भारत और नेपाल के बीच स्थित है। इस चोटी की समुद्र तल से कुल ऊंचाई 8,586 मीटर 28,169 फीट है। यह दुनिया की तीसरी सबसे ऊंची चोटी है।
ल्होत्से
इस चोटी की ऊंचाई समुद्र तल से 8,516 मीटर यानी 27,940 फीट के करीब है। यह चीन की सीमा पर स्थित दुनिया का चौथा सबसे ऊंचा पर्वत है।
मकालू
यह दुनिया की सबसे ऊंची चोटियों में पांचवें स्थान पर आता है। इसकी समुद्र तल से ऊंचाई 8,485 मीटर यानी 27,838 फीट लगभग है। यह नेपाल और चीन (तिब्बत) के बीच हिमालयी क्षेत्र में स्थित है।
माउंट एवरेस्ट पर्वतारोहियों की पहली पसंद क्यों?
पर्वतारोही केवल माउंट एवरेस्ट पर ही नहीं जाते, बल्कि वे दुनिया की कई अन्य चोटियों पर भी चढ़ते हैं। इसे सात महाद्वीपों की चोटियों में सबसे ऊंचा माना जाता है। इसके अलावा इस चोटी को 'रूफ ऑफ द वर्ल्ड' यानी दुनिया की छत के तौर पर जाना जाता है। पर्वतारोहियों का इस जगह पर खड़े होना अपने आप में रोमांच है।
इसके साथ इस चोटी का ऐतिहासिक महत्व भी है। चूंकि, यह दुनिया की सबसे ऊंची चोटी है, इसलिए यहां पर पहली बार पहुंचना अपने आप में एक खास अनुभव होता है। एवरेस्ट पर चढ़ना दुनिया भर के पर्वतारोहियों के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।
Sharad Shrivastava