सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' की बिक्री शुरू, बिना लॉन्च इवेंट सीधे बाजार में
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' की बिक्री बिना किसी लॉन्च इवेंट के सीधे बाजार में शुरू हो गई है। हार्पर कॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित इस किताब में 544 पेज हैं और इसे 7 चैप्टर में बांटा गया है। पहले एडिशन के लिए एक लाख कॉपियां छापी गई हैं। किताब के कवर पर सोनिया गांधी का वह फोटो है जिसे 1966 में राजीव गांधी ने क्लिक किया था। शुरुआती पेज पर समर्पण लिखा है- 'मेरे बेटे राहुल, बेटी प्रियंका और पोते-पोतियों रेहान और मिराया के नाम'। इसके बाद एक पेज पर ऋग्वेद की ऋचाएं ली गई हैं जिनका अर्थ है- 'साथ मिलकर चलो, साथ मिलकर बोलो और तुम्हारे विचार एक हों। तुम्हारा उद्देश्य एक हो और तुम्हारे दिलों में आपसी सामंजस्य हो। तुम्हारे विचार एकजुट हों, ताकि तुम सब मिलकर एकता और पूर्णता के साथ जीवन बिताओ।' सोनिया गांधी ने किताब को निजी मेमॉयर बताया है और कहा है कि यह राजनीतिक किताब नहीं है, हालांकि इसमें गांधी परिवार के साथ हुई त्रासदियों और 2004 के राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र है।
सात चैप्टर में निजी जीवन से लेकर राजनीतिक फैसलों तक का ब्योरा
किताब के 7 चैप्टर में राजीव गांधी से मुलाकात, प्यार-शादी, भारत आना, राजीव के निधन के बाद कांग्रेस का नेतृत्व करना और पार्टी को बहुमत मिलने के बावजूद प्रधानमंत्री न बनने के फैसले का जिक्र किया गया है। पहले चैप्टर के मुताबिक सोनिया 19 साल की उम्र में इटली से अंग्रेजी सीखने कैम्ब्रिज पहुंचीं। वहां एक ग्रीक रेस्टोरेंट में उनकी नजर राजीव गांधी पर पड़ी। जनवरी के एक दिन दोस्त क्रिश्चियन वॉन स्टिगलिट्ज ने दोनों की मुलाकात कराई। सोनिया के मुताबिक पहली मुलाकात में ही दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया। राजीव दिल्ली से कैम्ब्रिज के ट्रिनिटी कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने आए थे। धीरे-धीरे मुलाकातें बढ़ने लगीं। साथ घूमना, दोस्तों के साथ पार्टियों में जाना और छुट्टियां बिताना उनकी जिंदगी का हिस्सा बन गया। राजीव पहली बार सोनिया को वैलेंटाइन डे पर एक पार्टी में ले जाने पहुंचे थे। सोनिया के मुताबिक उन्हें देखकर राजीव कुछ पल के लिए ठिठक गए थे। दोनों को लगने लगा था कि वे हमेशा साथ रहना चाहते हैं।
दूसरे चैप्टर में सोनिया ने लिखा है कि वे राजीव से अपने रिश्ते के बारे में परिवार को बताने से डरती थीं क्योंकि उनके पिता स्टेफानो मैनो काफी सख्त स्वभाव के थे और उन्हें डर था कि पता चलने पर वे उन्हें तुरंत इटली वापस बुला लेंगे। तीसरे चैप्टर में पिता के बारे में बताया गया है कि वे अनुशासन पसंद थे लेकिन जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते थे। वे दूसरे विश्वयुद्ध में इटली की सेना से रूस के मोर्चे पर लड़े थे। वहां उन्होंने एक गरीब परिवार के बच्चों को खाना दिया था। उस परिवार की दो बच्चियों के नाम अनूश्का और सोनिया थे। उन्होंने अपनी बेटियों के नाम भी उन्हीं बच्चियों के नाम पर रखे। हालांकि चर्च में उनके नाम एलेसांद्रा और एंटोनिया दर्ज हुए, लेकिन परिवार में वे अनूश्का और सोनिया के नाम से ही जानी गईं।
चौथे चैप्टर में इटली की नागरिकता छोड़ने का प्रसंग है। सोनिया ने बताया कि उन्होंने काफी समय तक अपना इटली का पासपोर्ट संभालकर रखा था क्योंकि वह उनकी पहचान का हिस्सा था। इस पासपोर्ट के जरिए उन्हें अपने माता-पिता से मिलने के लिए कई तरह के फॉर्म और स्पॉन्सरशिप लेटर की औपचारिकताएं नहीं करनी पड़ती थीं। हालांकि समय के साथ इटली जाना कम हो गया और वहां की जीवनशैली से उनका जुड़ाव भी पहले जैसा नहीं रहा। राजीव गांधी के सार्वजनिक जीवन में आने के बाद उन्हें भारतीय नागरिकता लेना सही लगा। वे भारतीय खान-पान, पहनावे और रहन-सहन को अपना चुकी थीं। उनका परिवार और दोस्त भी भारत में थे। नागरिकता छोड़ने की औपचारिक प्रक्रिया इटली के राजदूत के आवास पर हुई। वहां एक अधिकारी ने उन्हें दस्तावेज पढ़कर सुनाने और फैसला अंतिम होने की बात समझने को कहा। दस्तावेज पढ़ते समय उनकी धड़कन तेज हो गई और चेहरा गर्म हो गया। उन्हें ऐसा लगा जैसे उनकी पहचान का बचा हुआ एक हिस्सा भी हमेशा के लिए छूट रहा हो। रिकॉर्ड के मुताबिक उन्होंने 1983 में भारतीय नागरिकता ली थी।
2004 में प्रधानमंत्री न बनने का फैसला और विदेशी नेताओं के किस्से
पांचवें चैप्टर में 2004 के घटनाक्रम का जिक्र है। सोनिया गांधी ने लिखा कि उन्होंने 2004 में ही तय कर लिया था कि प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी। राहुल और प्रियंका भी उन्हें इस पद पर नहीं देखना चाहते थे। दोनों के मन में दादी इंदिरा और पिता राजीव गांधी की हत्या की यादें थीं। उन्हें लगता था कि प्रधानमंत्री बनने से सोनिया की जान को खतरा बढ़ सकता है। सोनिया ने लिखा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने इस फैसले को सार्वजनिक नहीं किया ताकि पार्टी में नेतृत्व को लेकर खींचतान न हो। चुनाव जीतने के बाद गठबंधन के नेताओं ने उन्हें फैसला बदलने के लिए मनाने की कोशिश की। उन्होंने इनकार किया लेकिन नेताओं ने उनकी बात पूरी सुने बिना ही इसे सहमति मान लिया। प्रियंका खिड़की के बाहर खड़ी यह सब देख रही थीं।
छठे चैप्टर में विदेशी नेताओं के किस्से दर्ज हैं। बिल क्लिंटन के बारे में सोनिया ने लिखा कि साल 2000 में भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने क्लिंटन के सम्मान में एक रिसेप्शन दिया था। इस दौरान क्लिंटन बार-बार वहां मौजूद खूबसूरत महिलाओं को चोरी-छिपे निहार रहे थे। मोनिका लेविंस्की विवाद तब तक कुछ शांत हो चुका था लेकिन पुरानी आदतें आसानी से नहीं जातीं। क्लिंटन कश्मीर को दुनिया की सबसे खतरनाक जगहों में से एक मानते थे। फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी के बारे में लिखा है कि 2008 में सरकोजी उस समय अपनी पार्टनर कार्ला ब्रूनी के बिना आए थे। डिनर के दौरान उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी की पत्नी ने उनसे शादी की योजना के बारे में मजाकिया अंदाज में सवाल किए। सरकोजी बेझिझक अपनी लव लाइफ के बारे में बताते रहे और फोन पर कार्ला को मैसेज भी कर रहे थे। प्रिंसेस डायना को याद करते हुए सोनिया ने लिखा कि 1981 में राजीव गांधी के साथ उनकी शादी में शामिल होने गई थीं। डायना बेहद खूबसूरत दुल्हन लग रही थीं लेकिन डायना के चेहरे पर शादी में परेशानी साफ नजर आ रही थी। 1992 में भारत यात्रा के दौरान ताजमहल के सामने डायना के अकेले फोटो खिंचवाने वाले दिन वे उनसे मिली थीं। डायना लंबी, खूबसूरत आंखों और आकर्षक मुस्कान वाली महिला थीं।
Ravi Yadav