मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की बेटी सुरभि खंडेलवाल का निधन
मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की 34 वर्षीय बेटी सुरभि खंडेलवाल का बुधवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी और शोक व्यक्त किया।
सुरभि थीं स्पेशल चाइल्ड, लंबे समय से बीमार
आशीष अग्रवाल ने बताया कि सुरभि खंडेलवाल एक स्पेशल चाइल्ड थीं और लंबे समय से बीमार थीं। बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे उनकी रूटीन फिजियोथेरेपी हुई थी। इसके कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और दोपहर करीब 12:00 बजे उनका निधन हो गया।
अंतिम संस्कार आज शाम 5 बजे
बेटी की मौत की खबर मिलते ही हेमंत खंडेलवाल भोपाल से बैतूल पहुंच गए हैं। सुरभि की अंतिम यात्रा बैतूल गंज स्थित उनके घर से शाम 5 बजे शुरू होगी। कोठी बाजार मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और परिचितों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया शोक
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सुरभि खंडेलवाल के निधन पर शोक जताया। उन्होंने लिखा, "सुरभि खंडेलवाल का बीमारी के कारण निधन अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ॐ शांति !"
इलाज के बाद हंसी और इशारों में बात की, फिर आया हार्ट अटैक
आचार्य विवेक जैन ने बताया कि वे काफी समय से सुरभि खंडेलवाल को एक्यूपंक्चर और नेचुरोपैथी दे रहे थे। सुरभि के शरीर में लगातार अकड़न रहती थी, जिसका इलाज नेचुरोपैथी और एक्यूप्रेशर से किया जा रहा था। इलाज के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ था और वे चलने-फिरने लगी थीं। आचार्य जैन के अनुसार, सुरभि बोल नहीं पाती थीं, लेकिन हाव-भाव से काफी समझदार और होश में थीं। उन्होंने बताया कि बुधवार को उनकी एक्यूप्रेशर थेरेपी हुई। इलाज के बाद वे हंसी और वहां मौजूद लोगों से इशारों में बातचीत की। थोड़ी देर बाद उन्होंने खाना भी खाया, लेकिन फिर अचानक उन्हें हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनका निधन हो गया।
Amit Pateria