मध्य प्रदेश में 62 IPS अफसरों के तबादले, 19 जिलों के एसपी बदले
मध्य प्रदेश में शनिवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य सरकार ने 62 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। गृह विभाग द्वारा जारी इस सूची में ADG, DIG, SP और DCP स्तर तक के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सिंगरौली SP मनीष खत्री हटाए गए, मयंक DIG नारकोटिक्स बने
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और डीजीपी कैलाश मकवाणा के बीच हुई चर्चा के बाद यह सूची जारी की गई। सिंगरौली में हाल ही में हुए बैंक डकैती कांड के बाद SP मनीष खत्री को हटा दिया गया है। उन्हें AIG PHQ बनाया गया है। सिवनी जिले में सामने आए हवाला कांड के चलते SP सुनील मेहता को भी हटा दिया गया है। उन्हें DCP इंदौर बनाया गया है।
19 जिलों के एसपी बदले गए
इस व्यापक बदलाव में कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी गई है। प्रदेश के 19 जिलों में SP बदले गए हैं। इनमें भिंड, शिवपुरी, रीवा, सागर, धार, मुरैना, छतरपुर, खंडवा, नीमच, पांढुर्ना, आगर मालवा, अनूपपुर, मऊगंज, डिंडोरी, मंदसौर, दतिया, सीहोर, सिंगरौली, दमोह और सिवनी शामिल हैं।
तबादला आदेश में डीआईजी बनने के बाद जिलों में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी निभा रहे आईपीएस अधिकारियों को नई पदस्थापना दी गई है। पुलिस अधीक्षक रीवा शैलेंद्र चौहान को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था), नगरीय भोपाल बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक धार मयंक अवस्थी को डीआईजी नारकोटिक्स, इंदौर की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस अधीक्षक झाबुआ शिवदयाल को डीआईजी पीएचक्यू, भोपाल पद पर पदस्थ किया गया है। इसके अलावा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रेडियो रियाज इकबाल, राहुल कुमार लोढ़ा (एसपी रेल भोपाल), और सिमाला प्रसाद (एसपी रेल जबलपुर) को भी डीआईजी पीएचक्यू में पदस्थ किया गया है। असित यादव (एसपी भिंड) को डीआईजी ग्वालियर रेंज और विवेक सिंह (पुलिस उपायुक्त जोन-2, नगरीय भोपाल) को डीआईजी शहडोल रेंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Pushpendra Chaubey