मध्य प्रदेश में बोलेरो पलटी, 5 की मौत; बाइक सवार को बचाने में हुआ हादसा
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में सोमवार शाम तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे 3 बार पलट गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वालों में पति-पत्नी और 8 साल का बच्चा भी शामिल है। हादसा मटकुली-पिपरिया मार्ग पर हुआ है।
मृतकों और घायलों की पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान प्रदीप धुर्वे (48), उनकी पत्नी ज्योति धुर्वे, बेटे अक्षत धुर्वे (8), पंचम ठाकुर (55) और कुलदीप ठाकुर (40) के रूप में हुई है। ये सभी तामिया से होशंगाबाद जा रहे थे। घायलों में आकाश धुर्वे (25) और शरद उइके (21) शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है।
हादसे का कारण
पिपरिया थाना प्रभारी मदनलाल पवार ने बताया कि बोलेरो जीप तामिया से मटकुली की ओर जा रही थी। सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार के कारण बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
जांच जारी
हादसे में मृत सभी लोगों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बोलेरो का अनियंत्रित होकर पलटना सामने आई है।
Sharad Shrivastava