मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ किया प्रदेशव्यापी प्रदर्शन
विभिन्न शहरों में अलग-अलग तरीकों से जताया विरोध
मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के विरोध में गुरुवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन किए। रतलाम के सैलाना में कार्यकर्ताओं ने तख्तियां लेकर रैली निकाली, राहगीरों को शक्कर बांटी गई और 'महंगाई डायन खाए जात' गीत गाया गया।
मैहर में प्याज की माला और खाली गैस सिलेंडर के साथ मार्च
मैहर में जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेश घई के नेतृत्व में कार्यकर्ता गले में प्याज की माला, हाथ में खाली गैस सिलेंडर और चाय की केतली लेकर घंटाघर चौक से एसडीएम कार्यालय तक पैदल मार्च कर गए। एसडीएम के नहीं मिलने पर कार्यकर्ता कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए, बाद में एसडीएम दिव्या पटेल के पहुंचने पर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
खरगोन में हल्ला बोल रैली और बिना चीनी की चाय
खरगोन में जिला कांग्रेस ने दोपहर करीब 1:30 बजे हल्ला बोल रैली निकाली। रैली राधा वल्लभ मार्केट से शुरू होकर गुरुनानक चौराहा, एमजी रोड और श्रीकृष्ण टॉकीज चौराहा होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची। भीकनगांव विधायक झूमा सोलंकी ने चूल्हे पर बिना चीनी की चाय बनाकर विरोध जताया।
शाजापुर में महंगाई की शवयात्रा
शाजापुर जिले के अकोदिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर में महंगाई की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली। कार्यकर्ताओं ने 'राम राम सत्य है, बीजेपी मस्त है' जैसे नारे लगाए और बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण की मांग की।
श्योपुर में बिजली बिल से E-20 ईंधन तक का विरोध
श्योपुर में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर बिजली बिल, गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम, शक्कर की कीमत और E-20 ईंधन को लेकर नाराजगी जताई। रैली अंबेडकर पार्क से शुरू होकर जय स्तंभ, गांधी पार्क, मुख्य बाजार, गणेश बाजार और पुल दरवाजा होते हुए बड़ौदा रोड पहुंची।
इंदौर में अनोखे प्रदर्शन
इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजवाड़ा समेत शहर के 24 ब्लॉक में प्रदर्शन किए। एमपी पब्लिक स्कूल के सामने राहगीरों को चीनी के पैकेट बांटे गए। हरसिद्धि मंदिर रोड पर कार्यकर्ताओं ने चूल्हा जलाकर रोटियां बनाईं और लोगों को शुगर-फ्री चाय बांटी।
कटनी और छिंदवाड़ा में भी प्रदर्शन
कटनी में कांग्रेस ने घंटाघर में प्रदर्शन करते हुए सड़क पर प्रतीकात्मक स्टॉल लगाकर ₹40 प्रति किलो की दर से चीनी बेची। छिंदवाड़ा में कार्यकर्ताओं ने 'वाह रे मोदी तेरा खेल, खा गया शक्कर, पी गया तेल' के नारे लगाए और दुकानदारों को प्रतीकात्मक तौर पर चुटकी भर शक्कर बांटी।
ग्वालियर और भोपाल में प्रदर्शन
ग्वालियर में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में मुरार क्षेत्र में प्रदर्शन हुआ। भोपाल के कोलार में कार्यकर्ताओं ने गले में प्याज की मालाएं पहनकर विरोध जताया, वहीं संत हिरदाराम नगर में प्रधानमंत्री के मुखौटे लेकर नारेबाजी की गई।
मंदसौर और इटारसी में प्रदर्शन
मंदसौर में कांग्रेस कार्यालय से शुरू पैदल मार्च गांधी चौराहा, जिला अस्पताल और सिद्धि विनायक हॉस्पिटल होते हुए सरदार पटेल चौराहे पहुंचा। इटारसी के जयस्तंभ चौक पर नगर कांग्रेस ने राखी विक्रेताओं को फीके हलवा वितरित किए।
बड़वानी में भी विरोध प्रदर्शन
बड़वानी जिले के सेंधवा विधानसभा क्षेत्र की वरला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने रैली निकालकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और तहसीलदार अजय चौहान को राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
Arvind Vishwakarma