मध्यप्रदेश में 'कम्युनिटी ग्रीन एनर्जी जोन' पर आज अहम बैठक
कम्युनिटी ग्रीन एनर्जी जोन (सीजीईजेड) को लेकर शुक्रवार को एक गोलमेज बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में समुदाय-आधारित, इंटीग्रेटेड और सतत ऊर्जा समाधानों को प्रभावी ढंग से लागू करना होगा।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री समेत कई दिग्गज होंगे शामिल
राजधानी के एक निजी होटल में होने वाली इस गोलमेज बैठक में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला शामिल होंगे। यह बैठक क्लाइमेट पार्लियामेंट मध्यप्रदेश नेटवर्क द्वारा सामुदायिक ग्रीन एनर्जी जोन के क्रियान्वयन के लिए आयोजित की जा रही है। बैठक में विधायक, विभागीय अधिकारी, ऊर्जा विशेषज्ञ और नीति-निर्माता भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
बैठक के दौरान जाम्बिया की प्रेसिडेंशियल सोलर कन्स्टिट्युएंसी (पीएससीआई) पहल पर एक वीडियो प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया जाएगा। जाम्बिया में हाल ही में पीएससीआई जैसी पहल की घोषणा की गई है, जो जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से सौर ऊर्जा विस्तार का एक सफल मॉडल है।
मध्यप्रदेश के लिए तैयार होगा एक्शन रोडमैप
सीजीईजेड की अवधारणा राज्य एवं देश के जलवायु लक्ष्यों को प्राप्त करने, ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए विकसित की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य हर विधानसभा क्षेत्र में समुदाय-आधारित, इंटीग्रेटेड और सतत ऊर्जा समाधानों को क्रियान्वित करना है।
इन समाधानों से स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा, रोजगार के अवसर पैदा होंगे और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे हरित, आत्मनिर्भर एवं जलवायु-उत्तरदायी क्षेत्रों का विकास सुनिश्चित होगा। जाम्बिया की पीएससीआई पहल से प्रेरणा लेते हुए, मध्यप्रदेश में भी विधायकों की सक्रिय सहभागिता के साथ सीजीईजेड के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक सहभागी रोडमैप तैयार किया जाएगा। यह बैठक मध्यप्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा, स्थानीय आत्मनिर्भरता और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो सकती है।
Gulzar Ahmad