सिरोंज में आप पार्टी का अनोखा प्रदर्शन: महंगाई और पेपर लीक पर मेलोडी टॉफी बांटकर जताया विरोध
सिरोंज में आम आदमी पार्टी (आप) ने महंगाई, बेरोजगारी और नीट पेपर लीक के विरोध में एक अनोखा प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने लोगों को 'मेलोडी' टॉफियां बांटकर केंद्र सरकार पर कटाक्ष किया।
प्रदर्शन के दौरान, आप नेता मेलोडी टॉफी के पैकेट लेकर पेट्रोल पंप और पुराने बस स्टैंड पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को टॉफियां देते हुए कहा, "मेलोडी खाओ, महंगाई भूल जाओ", "मेलोडी खाओ, नीट पेपर लीक भूल जाओ" और "बेरोजगारी भूल जाओ"।
यह प्रदर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इटली यात्रा के दौरान इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी का पैकेट उपहार में देने के संदर्भ में किया गया था। यह घटना मीडिया और सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही थी।
आप नेता रजत सक्सेना ने इस दौरान कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी परेशान है और युवाओं के भविष्य से जुड़े पेपर लीक हो रहे हैं। उन्होंने जोर दिया कि बेरोजगारी एक गंभीर समस्या बन चुकी है, लेकिन चर्चा मेलोडी और मेलोनी की हो रही है।
इस व्यंगात्मक प्रदर्शन को देखने के बाद आने-जाने वाले लोगों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। सिरोंज में आम आदमी पार्टी के इस अनोखे विरोध प्रदर्शन की काफी चर्चा हुई।
Janmejay Chaturvedi