तमिलनाडु के मदुरै में दीपम विवाद: सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगी
तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून यानी पत्थर के स्तंभ पर दीप न जला पाने के लिए माफी मांगी। मदुरै कलेक्टर ने हलफनामे में बताया कि सरकार ने कार्तिक पूर्णिमा यानी 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने की पूरी कोशिश की, लेकिन देवस्थानम यानी मंदिर प्रशासन ने इसे रोक दिया। मंदिर प्रशासन का कहना था कि दीपथून पर दीप जलाना स्थापित परंपराओं और धार्मिक रीति-रिवाजों के विरुद्ध है, इसलिए दीप केवल उचि पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर जलाया गया।
सुप्रीम कोर्ट का आदेश और अवमानना की मांग
20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन दीपथून पर दीप जलाया जाएगा। याचिकाकर्ता राम रविकुमार की ओर से पेश वकीलों ने आरोप लगाया कि सरकार ने अदालत के आदेश का पालन नहीं किया और जानबूझकर उसे टालने का प्रयास किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अवमानना कार्रवाई की मांग की। सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं को औपचारिक अवमानना याचिका दाखिल करने को कहा और बताया कि याचिका आने के बाद उचित आदेश दिया जाएगा।
प्रदर्शन, सुरक्षा व्यवस्था और आगे की सुनवाई
मंगलवार को भाजपा और हिंदू संगठनों के लगभग 300 सदस्यों के खिलाफ राज्य भर में प्रदर्शन के दौरान मामले दर्ज किए गए। रामनाथपुरम में हिंदू फ्रंट के सदस्यों ने सड़क जाम कर राज्य सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया। पोल्लाची में हिंदू मुन्नानी के सदस्यों ने भी प्रदर्शन किया। विवाद के बाद बुधवार को लगातार दूसरे दिन श्रद्धालुओं और आम लोगों को तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर जाने से रोका गया। पलानी अंडावर मंदिर के प्रवेश द्वार के पास भारी पुलिस बल तैनात रहा और पहाड़ी की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई। स्थानीय लोगों को जांच के बाद ही जाने दिया गया। यह सुरक्षा व्यवस्था 23 नवंबर की शाम 6 बजे से लागू है। सुप्रीम कोर्ट ने दीपथून पर दीप जलाने की एक बार की अनुमति देते हुए आम लोगों, जुलूस और भीड़ को वहां जाने से रोकने का निर्देश दिया था ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
मंदिर और दरगाह के बीच जमीन और धार्मिक अधिकारों का विवाद लंबित है। मदुरै कलेक्टर ने स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर दी है जिसकी जांच कोर्ट करेगा। वहीं, मद्रास हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली राज्य सरकार की मुख्य याचिका पर जनवरी 2027 में अंतिम सुनवाई होगी।
Navjeet Kaur