मेरठ में 21 मई से NHM संविदाकर्मियों का 'नो पे, नो वर्क'
मेरठ के पीएल शर्मा जिला अस्पताल में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने मार्च और अप्रैल 2026 का मानदेय अब तक जारी न होने के विरोध में काली पट्टी बांधकर काम शुरू किया है। संगठन द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि लगातार दो माह से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों को बच्चों की स्कूल फीस, किताबें, घरेलू खर्च और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को देखते हुए कर्मचारियों पर आर्थिक दबाव और बढ़ गया है, लेकिन भुगतान को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
स्वास्थ्य सेवाओं पर असर की चेतावनी
संविदा कर्मचारी संघ का कहना है कि प्रदेशभर के कर्मचारियों में इस मुद्दे को लेकर गहरा असंतोष है और यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। संगठन ने स्पष्ट किया कि 21 मई से जनपद स्तर पर कर्मचारी चरणबद्ध तरीके से कार्य बहिष्कार करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। संघ ने शासन से मांग की है कि कर्मचारियों की समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराया जाए ताकि संभावित आंदोलन और स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने वाले असर को रोका जा सके।
Bhavanesh Soni