महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर चर्चा तेज
बिहार में महागठबंधन की सीट शेयरिंग को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। रविवार को राबड़ी आवास के बाहर कार्यकर्ताओं की भीड़ ने मसौढ़ी से विधायक रेखा यादव को टिकट न देने को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। जैसे ही लालू यादव और तेजस्वी यादव एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए, कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी रोक ली। बाद में सिक्योरिटी ने स्थिति संभाली।
तेजस्वी का बयान और दिल्ली में बैठक
पटना एयरपोर्ट पर तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन में सब सही है। तेजस्वी और लालू यादव सोमवार को IRCTC घोटाले के मामले में कोर्ट में पेशी के लिए दिल्ली रवाना हो गए। दिल्ली में कांग्रेस की बैठक आज होगी, जिसमें राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे मौजूद रहेंगे। बैठक में सीट शेयरिंग और उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।
अनंत सिंह के खिलाफ सूरजभान की पत्नी चुनाव लड़ने की संभावना
चर्चा है कि मोकामा से बाहुबली अनंत सिंह के खिलाफ सूरजभान सिंह की पत्नी राजद के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं। वहीं, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सीट शेयरिंग में देरी को लेकर राजद पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि गठबंधन में सम्मान देना जरूरी है।
महागठबंधन का ऐलान जल्द
सूत्रों के मुताबिक, 13 अक्टूबर को महागठबंधन की ओर से सीट शेयरिंग का ऐलान हो सकता है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि नामांकन प्रक्रिया जल्द शुरू करनी होगी। बिहार कांग्रेस के प्रभारी और अध्यक्ष भी बैठक में मौजूद रहेंगे।