महाराष्ट्र में 2 दिसंबर को होंगे निकाय चुनाव, 3 दिसंबर को आएंगे नतीजे

· 1 min read
महाराष्ट्र में 2 दिसंबर को होंगे निकाय चुनाव, 3 दिसंबर को आएंगे नतीजे

महाराष्ट्र में 2 दिसंबर को होंगे निकाय चुनाव

महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त दिनेश वाघमारे ने मंगलवार को घोषणा की कि 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों में मतदान 2 दिसंबर को होगा। मतगणना 3 दिसंबर को की जाएगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित निकायों में आचार संहिता लागू हो गई है।

1.7 करोड़ मतदाता करेंगे फैसला

इन चुनावों में 6,859 सदस्य और 288 अध्यक्ष पदों के लिए मतदान होगा। इस बार मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) से कराया जाएगा। राज्य में कुल 1.7 करोड़ पात्र मतदाता हैं, जिनमें 53,79,931 पुरुष, 53,22,870 महिलाएं और 775 अन्य मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 13,355 केंद्र बनाए जाएंगे और कुल वार्डों की संख्या 3,820 होगी। इनमें से 3,492 सीटें महिलाओं, 895 अनुसूचित जाति, 338 अनुसूचित जनजाति और 1,821 अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित की गई हैं।

चुनाव संचालन और प्रक्रिया

निर्वाचन आयोग ने नामांकन और हलफनामे ऑनलाइन दाखिल करने के लिए वेबसाइट https://mahasecelec.in लॉन्च की है। वहीं, मतदाता अपनी जानकारी और मतदान केंद्र https://mahasecvoterlist.in पर देख सकते हैं। चुनाव संचालन के लिए 13,726 ईवीएम कंट्रोल यूनिट और 27,452 बैलेट यूनिट तैयार की गई हैं। लगभग 66,775 कर्मी चुनाव ड्यूटी पर तैनात होंगे, जिनमें 288 रिटर्निंग अधिकारी शामिल हैं।

नामांकन की समयसीमा

नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 17 नवंबर तय की गई है। 18 नवंबर को उनकी जांच होगी, जबकि 21 नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। प्रत्याशियों की अंतिम सूची और चुनाव चिह्नों की घोषणा 26 नवंबर को की जाएगी। मतदान 1 जुलाई 2025 की मतदाता सूची के आधार पर होगा, जिसे अक्तूबर तक बढ़ाने का प्रस्ताव विचाराधीन है।

विपक्ष के सवालों पर आयोग का जवाब

विपक्ष द्वारा मतदाता सूची में दोहरे नामों को लेकर जताई गई चिंताओं पर वाघमारे ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने ऐसे मतदाताओं को चिन्हित कर लिया है। जिनके नाम दो जगह दर्ज हैं, उनके आगे “डबल ऐस्टरिस्क” लगाया जाएगा। ऐसे मतदाताओं से मतदान केंद्र पर लिखित आश्वासन लिया जाएगा कि उन्होंने कहीं और मतदान नहीं किया है। जिला प्रशासन और नगरीय निकायों को मतदाता जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो सके।

Sachin Saxena