मोहन सरकार पर जीतू पटवारी का हमला: कृषि विभाग में 60% पद खाली, किसान कर्ज में डूबे

· 1 min read
मोहन सरकार पर जीतू पटवारी का हमला: कृषि विभाग में 60% पद खाली, किसान कर्ज में डूबे

मोहन सरकार पर जीतू पटवारी का हमला: कृषि विभाग में 60% पद खाली, किसान कर्ज में डूबे

मुख्यमंत्री को बताया 'पहलवान', जो 'अफसरों के दांव में चित' हो जाते हैं

प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) चीफ जीतू पटवारी ने आज मुकेश नायक, अभय दुबे और सुखदेव पांसे के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार के "कृषक कल्याण वर्ष" पर गंभीर सवाल उठाए। पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वे शुरुआती दिनों में पहलवानी करते थे और उज्जैन में उन्हें पहलवान के नाम से जाना जाता था। हालांकि, अब हालात ऐसे हैं कि जब कोई अधिकारी उनके पास आता है और "पहलवानी का दांव" देता है तो मुख्यमंत्री खुद ही चित हो जाते हैं। पटवारी ने आरोप लगाया कि ऐसी स्थिति लगभग हर महीने देखने को मिलती है और मुख्यमंत्री को अपने पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए।

किसानों को नहीं मिल रहा फसलों का उचित दाम

पटवारी ने भाजपा सरकार पर किसानों को दी गई तीन बड़ी गारंटियों को पूरा न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने गेहूं 2700 रुपए प्रति क्विंटल, धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल और सोयाबीन 6000 रुपए प्रति क्विंटल खरीदने का वादा किया था। लेकिन हकीकत यह है कि मुख्यमंत्री के अपने विधानसभा क्षेत्र उज्जैन की मंडी में गेहूं 1800 से 1900 रुपए प्रति क्विंटल तक बिक रहा है। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस ने इसका वीडियो भी जारी किया था, जो यह दर्शाता है कि एक तरफ सरकार कृषि कल्याण की बात करती है और दूसरी तरफ किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम तक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पिछले 20 साल का नहीं, बल्कि केवल पिछले एक साल का हिसाब देने की मांग की, ताकि सरकार के किसानों के हित में किए गए कार्यों का ब्योरा सार्वजनिक हो सके।

कृषि विभागों में भारी संख्या में पद रिक्त

जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कृषि व्यवस्था सरकारी उदासीनता के बोझ तले दम तोड़ रही है। कृषि विभाग के आधिकारिक आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि विभाग में स्वीकृत 14,537 पदों में से 8,468 पद खाली हैं, जिसका मतलब है कि लगभग 60 प्रतिशत कर्मचारी उपलब्ध नहीं हैं। इसके अतिरिक्त, मत्स्य पालन विभाग में 1,290 में से 722 पद रिक्त हैं, उद्यानिकी विभाग में 3,079 में से 1,459 पद खाली हैं, और पशुपालन व डेयरी विभाग में भी बड़ी संख्या में पद रिक्त पड़े हैं। पटवारी ने सवाल किया कि जब कृषि से जुड़े विभागों में इतनी बड़ी संख्या में पद खाली हैं, तो सरकार किसानों के कल्याण की बात किस आधार पर कर रही है। उन्होंने सरकार से तुरंत इन रिक्त पदों को भरने और किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाने की मांग की।

ट्रेड डील के खिलाफ कांग्रेस करेगी जनमत संवाद

जीतू पटवारी ने यह भी बताया कि कांग्रेस पार्टी ट्रेड डील के खिलाफ प्रदेश भर में "जनमत संवाद" का आयोजन करेगी। इस अभियान के तहत कांग्रेस मध्य प्रदेश के सभी जिलों में जनमत संवाद आयोजित करेगी, जिसमें जनता को ट्रेड डील की जानकारी दी जाएगी और बताया जाएगा कि इस डील से प्रदेश के किसानों को कितना नुकसान हो सकता है। इस पहल के माध्यम से कांग्रेस किसानों को भी एकजुट करने का लक्ष्य रख रही है।

Bhavanesh Soni