मथुरा में बांके बिहारी कॉरिडोर का विरोध तेज, लोगों ने मकान-मंदिर न देने की कसम खाई
उत्तर प्रदेश के मथुरा में बांके बिहारी कॉरिडोर के निर्माण को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। मंदिर के मुख्य द्वार पर गोस्वामी और स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने ली कसम, सरकार पर लगाया दबाव का आरोप
विरोध प्रदर्शन के दौरान, स्थानीय लोगों ने हाथ उठाकर कसम खाई कि वे किसी भी कीमत पर अपने मकान और मंदिर कॉरिडोर के लिए नहीं देंगे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार कुछ भूमाफियाओं के दबाव में आकर उनके सैकड़ों साल पुराने मंदिरों और मकानों को छीनना चाहती है। उनका आरोप है कि रजिस्ट्री दबाव डालकर जबरदस्ती करवाई गई है।
अवैध रजिस्ट्रियों और भीड़ के गुमराह करने का आरोप
प्रदर्शन में शामिल सोहन लाल मिश्र ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट का स्पष्ट आदेश है कि यदि कॉरिडोर बनता है तो बिहारी जी के कोष से रकम दी जाएगी और रजिस्ट्री भी बिहारी जी मंदिर के निमित्त होगी। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रशासन और सरकार अपने नाम पर रजिस्ट्री कैसे करवा सकती है और धन कहां से दे रही है। मिश्र ने इन सभी रजिस्ट्रियों को अवैध और दबाव में कराई गई बताया। राधा मिश्रा ने कहा कि प्रशासन जनता में भ्रम की स्थिति पैदा कर रहा है और लोगों को दबाव में लेने की कोशिश कर रहा है। शशि पहलवान खोआ वालों ने आरोप लगाया कि प्रशासन भीड़ का अतिरिक्त दबाव बनाकर जबरदस्ती भीड़ दिखाता है, जबकि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन से इस दबाव को कम किया जा सकता है।
इस प्रदर्शन में बृजेन्द्र गोस्वामी, देव गोस्वामी, नीलम गोस्वामी, रेनू गोस्वामी, अलौकिक गोस्वामी, आकाश गोस्वामी, सोमनाथ गोस्वामी, रुक्मणि रमन गोस्वामी, दीपक पाराशर, गोविन्द खंडेलवाल और वैभव सिद्ध जैसे कई लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक बार फिर हाथ उठाकर अपने मकान और मंदिर न देने का संकल्प दोहराया।
Bhavanesh Soni