मुख्य सचिव जैन ने कानून व्यवस्था और हेलमेट अभियान पर जोर
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक की। बैठक में अक्टूबर में हुए कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के फैसलों पर प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कानून व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए कि थानों में पहुंचने वाले लोगों की एफआईआर दर्ज न होने की शिकायतें नहीं मिलनी चाहिए। साथ ही लॉ एंड ऑर्डर के मामलों की जानकारी मीडिया तक पहुंचाई जाए।
हेलमेट उपयोग पर विशेष अभियान
मुख्य सचिव ने दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनने को अनिवार्य बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक दुर्घटनाएं और मौतें बिना हेलमेट के होती हैं, इसलिए जागरूकता अभियान चलाने से दुर्घटनाओं की संख्या कम की जा सकती है।
सरकारी योजनाओं की समीक्षा
बैठक में स्वास्थ्य और महिला बाल विकास योजनाओं, स्कूल शिक्षा विभाग, स्वच्छता कार्यक्रम, प्रधानमंत्री आवास योजना, और राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने जिलों के अधिकारियों को प्राथमिकता वाले काम तेजी से निपटाने के निर्देश दिए।
सिंहस्थ और कृषि क्षेत्र पर अहम निर्देश
सिंहस्थ के लिए उज्जैन और आसपास के जिलों में 50 हजार हेक्टेयर में फूलों की खेती को प्रोत्साहित करने की योजना पर चर्चा हुई। साथ ही किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने और फसल खरीदी कार्य को प्रभावी रूप से निपटाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने रोड सेफ्टी, प्रदूषण नियंत्रण, और अन्य सरकारी योजनाओं पर जिला अधिकारियों को समन्वय और बेहतर प्रदर्शन के निर्देश दिए। उन्होंने टीम भावना से काम करने पर जोर दिया और जिलों में अधिकारियों को नियमित निरीक्षण का निर्देश दिया।
Bhavanesh Soni