मुख्यमंत्री का आदेश: रोजगार दिलाने वाले कोर्स डिजाइन हों, प्रशिक्षण दोगुना करें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए नए और उपयोगी कोर्स डिजाइन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना में प्रशिक्षण क्षमता को दोगुना करने पर जोर दिया है। यह निर्देश तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार विभाग की समीक्षा बैठक में दिए गए।
आईटीआई ग्रेडिंग में मध्यप्रदेश 5वें स्थान पर
बैठक में बताया गया कि भारत सरकार द्वारा जारी राष्ट्रीय स्तर की आईटीआई ग्रेडिंग में मध्यप्रदेश 5वें स्थान पर है। प्रदेश की 47 शासकीय आईटीआई को 10 में से 9 प्लस ग्रेडिंग स्कोर मिला है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भारत को स्किल कैपिटल बनाने के प्रयासों की सराहना की और युवाओं को डेयरी विकास कार्यक्रमों से जोड़ने के निर्देश दिए।
कौशल विकास योजनाओं में युवाओं को लाभ
बैठक में जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना में देश में सर्वाधिक 11 हजार 400 प्रशिक्षणार्थियों का नामांकन मध्यप्रदेश में हुआ। युवा संगम के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में प्रदेश में 2 लाख 68 हजार से अधिक आवेदकों को लाभान्वित किया गया। मध्यप्रदेश के एक लाख 32 हजार युवाओं को स्व-रोजगार का लाभ मिला है। संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल पार्क भोपाल द्वारा इस वर्ष 3 हजार से अधिक प्रशिक्षणार्थियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है। युवाओं को रिलायंस, ट्राइडेंट, जिंदल समूह के जेबीएम जैसे उद्योगों में प्रशिक्षण दिलवाया गया है। प्रदेश में 290 शासकीय और 644 प्राइवेट आईटीआई संचालित हैं। शासकीय आईटीआई में 3484 सीटों की वृद्धि की गई है।
कृषि लोकरंग की तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषि लोकरंग की तैयारियों की समीक्षा करते हुए किसानों और आमजन की सहभागिता बढ़ाने के लिए कृषि क्विज प्रतियोगिता जैसे नवाचार करने के निर्देश दिए। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
Lokendra Mishra