मुख्यमंत्री ने केसली, गौरझामर को नगर पंचायत बनाने की घोषणा, 100 बिस्तर अस्पताल भी खुलेगा

· 1 min read
मुख्यमंत्री ने केसली, गौरझामर को नगर पंचायत बनाने की घोषणा, 100 बिस्तर अस्पताल भी खुलेगा

मुख्यमंत्री ने केसली और गौरझामर को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की

सागर जिले की देवरी विधानसभा के केसली में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने सबसे बड़ी ग्राम पंचायत केसली और गौरझामर को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही 100 बिस्तर का अस्पताल खोले जाने की भी घोषणा की गई।

लाड़ली बहना योजना की 37वीं किस्त जारी और विकास कार्यों का लोकार्पण

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना की 37वीं किस्त के तहत 1 करोड़ 25 लाख बहनों के खातों में 1835 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की। उन्होंने देवरी विधानसभा को करीब 190.85 करोड़ रुपए की लागत के 53 विकास कार्यों की सौगात दी, जिसमें 122.02 करोड़ रुपए के 28 कार्यों का भूमिपूजन और 68.83 करोड़ रुपए के 25 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

कांग्रेस पर मुख्यमंत्री का निशाना

मंच को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर लाड़ली बहना योजना का विरोध करने और बहनों का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष द्वारा बहनों को पैसे न देने वाले बयान पर कड़ी आपत्ति जताई।

मुख्यमंत्री ने देवरी का नाम देवपुरी करने पर सहमति जताई और संबंधित दस्तावेजी कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने केसली कृषि उपज मंडी का नाम रानी अवंतीबाई के नाम पर करने की भी घोषणा की। इसके अलावा, केसली ब्लॉक में जलाशय बनाने और हाईस्कूलों के उन्नयन जैसी अन्य घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने झुनकू नदी पर पुल निर्माण, संदीपनि विद्यालय, महराजपुर तालाब का गहरीकरण व सौंदर्यीकरण, मंगल भवन, विभिन्न सड़कों का निर्माण और गौरझामर पुलिस थाने से मढ़ी रोड तक सीसी रोड निर्माण जैसे कई विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।

Bhavanesh Soni