मऊगंज में मेडिकल स्टोर संचालिका को बंधक बनाकर 40 लाख की डकैती
मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में गुरुवार रात करीब 11 बजे हथियारबंद बदमाशों ने मेडिकल स्टोर संचालिका बेबी साहू (38) को उनके नाबालिग बेटे के सामने बंधक बना लिया। पीड़िता के पति अनिल कुमार साहू उस समय घर से बाहर थे। घर और मेडिकल स्टोर एक ही परिसर में स्थित हैं।
बेबी साहू के अनुसार, बाइक सवार दो युवक दवाई लेने के बहाने घर पहुंचे। दवाई देने के बाद पांच और बदमाश आए जिनके पास कट्टा, रिवॉल्वर, गड़ासा और तलवार जैसे हथियार थे। बदमाशों ने हथियारों का भय दिखाकर महिला को काबू में किया, उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और हाथ-पैर बांध दिए।
बदमाशों ने रात करीब 11 बजे से 1 बजे तक लगभग दो घंटे तक महिला को बंधक बनाए रखा। इस दौरान उन्होंने घर और मेडिकल स्टोर की तलाशी ली, सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और मेडिकल स्टोर का सामान अपने कब्जे में ले लिया। पीड़िता ने करीब 40 लाख रुपए की संपत्ति ले जाने का दावा किया है।
घटना के बाद पीड़िता ने डायल-112 के जरिए पुलिस को सूचना दी। एसडीओपी मऊगंज सचि पाठक और थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर और मेडिकल स्टोर का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू की।
थाना प्रभारी राजेश पटेल के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शिकायत में कुछ लोगों के घर में घुसकर महिला को बंधक बनाने और सोने-चांदी के जेवरात, नकदी व अन्य सामग्री ले जाने की बात कही गई है। पुलिस अब बदमाशों की संख्या, पहचान, आने-जाने के रास्ते, इस्तेमाल हथियारों और फरार होने की दिशा समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Vivek Singh