विदिशा में नौतपा के बीच रातभर आंधी-बारिश, बिजली गुल रही: पारा 44° से 38°C तक गिरा; 3 जून तक बारिश-आंधी का अलर्ट
विदिशा में नौतपा के दौरान मौसम का मिजाज बदला है। शनिवार देर रात तेज आंधी और बारिश हुई, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली। मध्य प्रदेश के कई जिलों की तरह विदिशा में भी पिछले दो दिनों से आंधी-बारिश का दौर जारी है।
बिजली गुल, मौसम में ठंडक
शनिवार रात करीब 12:30 बजे से तड़के 2:30 बजे तक तेज हवाएं चलीं। इसके कारण शहर के कई हिस्सों में बिजली गुल हो गई। रात करीब 1:15 बजे बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली चमकने के साथ बारिश शुरू हुई, जो जल्द ही तेज हो गई।
तापमान में गिरावट
मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी दिखा। जिले का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से घटकर लगभग 38 डिग्री पर आ गया। वहीं, रात का तापमान 31 डिग्री से घटकर 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार सुबह से ही मौसम में ठंडक रही और दोपहर तक तापमान सामान्य से कम बना रहा।
अगले दो दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक मौसम का ऐसा ही मिजाज बना रह सकता है। गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। विभाग ने 31 मई से 3 जून तक के लिए जारी पूर्वानुमान में पूरे प्रदेश में आंधी और बारिश की संभावना जताई है। इस अवधि में हीटवेव का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
Sachin Saxena