ममता बनर्जी का बीजेपी पर तीखा हमला: अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी पर हमलों को बताया लोकतंत्र पर चोट
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी पर हुए कथित हमलों को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाकर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही है और राज्य में भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।
अभिषेक बनर्जी पर हमले को बताया सुनियोजित साजिश
ममता बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि शनिवार को सोनारपुर में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा में पार्टी के नेता अभिषेक बनर्जी पर भाजपा समर्थकों ने हमला किया। उन्होंने दावा किया कि अभिषेक के साथ मारपीट की गई और उन्हें भीड़ द्वारा घेरकर निशाना बनाया गया। ममता ने कहा कि इस पूरी घटना के वीडियो सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं, जो हमले की गंभीरता को उजागर कर रहे हैं।
कल्याण बनर्जी पर भी हमले का आरोप
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि रविवार को पार्टी के मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) और सांसद कल्याण बनर्जी पर भी हमला किया गया। उनके अनुसार यह हमला भी राजनीतिक रूप से प्रेरित था। कल्याण बनर्जी ने दावा किया है कि इस घटना में उनके सिर पर चोट लगी है।
'बीजेपी लोकतंत्र की हत्या कर रही'
ममता बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं को डराने और दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं और विपक्ष की आवाज़ को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है।
हमले के बाद अभिषेक बनर्जी क्या बोले?
वहीं हमले के बाद अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह राजनीतिक हिंसा और कथित 'राज्य प्रायोजित आतंक' का शिकार हुए हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता अस्थायी होती है, जबकि जनता की ताकत स्थायी होती है। अभिषेक ने स्पष्ट किया कि वह केवल जनता के सामने झुकेंगे और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।
राहुल गांधी को दिया धन्यवाद
अभिषेक बनर्जी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा मिले समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुटता जरूरी है।
पुलिस ने पांच लोगों को किया गिरफ्तार
सोनारपुर हमले के मामले में पुलिस ने अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना के वीडियो फुटेज के आधार पर कार्रवाई की गई है और जांच आगे बढ़ने के साथ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
Satyam Tripathi