NDA का घोषणापत्र जारी: 10 रुपए में भोजन और 1 करोड़ रोजगार का वादा
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर NDA ने अपना घोषणापत्र पटना के होटल मौर्या में आयोजित जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में जारी किया। इस कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत NDA के सभी वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
मुख्य घोषणाएं
घोषणापत्र में सीता रसोई के माध्यम से 10 रुपए में भोजन कराने का ऐलान किया गया है। इसके अलावा हर अनुमंडल में कला, वाणिज्य, कानून के कॉलेज खोलने की घोषणा की गई है, जिसमें फ्री छात्रावास सुविधा उपलब्ध होगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में हर जिले में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और मरीजों को जेनरिक दवाएं देने की योजना है। हर विधानसभा क्षेत्र में वेटनरी एंबुलेंस शुरू करने का भी प्रस्ताव है।
रोजगार और समान वेतन
NDA ने अगले 5 सालों में 1 करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया है। साथ ही नियोजित शिक्षक और कर्मचारियों के लिए समान काम के समान वेतन देने की घोषणा की गई है।
शिक्षा और उद्योग पर फोकस
शिक्षा व्यवस्था में सुधार और उद्योग क्षेत्र को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है। इस घोषणापत्र के लिए बीजेपी ने राज्यव्यापी सुझाव अभियान चलाकर करीब 1 करोड़ लोगों के विचार जुटाए थे।
महागठबंधन का घोषणापत्र
इससे पहले महागठबंधन ने अपना 32 पन्नों का घोषणापत्र जारी किया, जिसे 'तेजस्वी का प्रण' नाम दिया गया। इसमें बिहार के बटाइदार किसानों को पहचान-पत्र देने और पंचायत प्रतिनिधियों के लिए 50 लाख तक का बीमा देने का वादा किया गया है।
L. N. Bhargava