नीतीश कुमार जाएंगे राज्यसभा, बिहार की सियासत में नई हलचल

· 1 min read
नीतीश कुमार जाएंगे राज्यसभा, बिहार की सियासत में नई हलचल

नीतीश कुमार जाएंगे राज्यसभा, बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राज्यसभा सदस्य बनने जा रहे हैं। उन्होंने खुद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस बात की घोषणा की है। कुमार ने लिखा है कि संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही उनके मन में यह इच्छा थी कि वह बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों के सदस्य बनें।

आज दाखिल हो सकता है नामांकन

राज्यसभा चुनाव के लिए विधानसभा में नीतीश कुमार, रामनाथ ठाकुर, निशांत और मनीष वर्मा का नॉमिनेशन रिसीप्ट (NR) कट चुका है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, कयास लगाए जा रहे हैं कि वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी मौजूद रहने की उम्मीद है, जो आज पटना पहुंचेंगे।

कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध

इधर, सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों के बीच जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास पहुंचने लगे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि नीतीश कुमार बिहार के हैं और उन्हें कहीं नहीं जाने दिया जाएगा। वे अपनी जान तक देने की बात कह रहे हैं। सीएम हाउस के बाहर कई कार्यकर्ता रोते हुए देखे गए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सीएम हाउस जा रहे बीजेपी कोटे के मंत्री सुरेंद्र मेहता, जेडीयू एमएलसी संजय गांधी और जेडीयू विधायक प्रेम मुखिया को भगा दिया।

जेडीयू की अहम बैठक और भविष्य का फैसला

इस बीच, बुधवार शाम 6 बजे सीएम आवास पर एक अहम बैठक बुलाई गई। इस बैठक में जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और मंत्री विजय चौधरी मौजूद रहे। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में विजय चौधरी ने कहा कि अंतिम फैसला नीतीश कुमार को ही लेना है।

निशांत कुमार के नाम पर भी चर्चा

राज्यसभा के लिए नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के नाम की भी चर्चा है। पार्टी ने अब तक उनके नाम का खंडन नहीं किया है। कल पार्टी मीटिंग के बाद नेताओं ने भी यह कहा था कि निशांत को राजनीति में आना ही चाहिए। बिहार की सियासी हलचल पर आगे के अपडेट्स लगातार जारी हैं।

Janmejay Chaturvedi