T20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल: आज भारत-इंग्लैंड में होगी तीसरी भिड़ंत
टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल आज भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। दोनों टीमें लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में एक-दूसरे के खिलाफ उतरेंगी। इससे पहले 2022 और 2024 में हुए मुकाबलों में दोनों को 1-1 जीत मिली थी। सेमीफाइनल जीतने के बाद दोनों ही टीमों ने फाइनल भी जीता था।
सेमीफाइनल में दोनों टीमों का रिकॉर्ड
भारतीय टीम छठी बार टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। टीम ने इससे पहले 2007, 2014, 2016, 2022 और 2024 में टॉप-4 में जगह बनाई थी और 5 में से 3 सेमीफाइनल जीते हैं। वहीं, इंग्लैंड भी छठी बार सेमीफाइनल खेल रहा है, जिसने 2010, 2016, 2021, 2022 और 2024 में इस स्टेज तक पहुंचकर 3 सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में जगह बनाई थी।
आमने-सामने के आंकड़े और टॉप परफॉर्मर
भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 29 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 17 और इंग्लैंड ने 12 मैच जीते हैं। टी20 वर्ल्ड कप में दोनों ने 5 मैच खेले हैं, जिसमें भारत ने 3 और इंग्लैंड ने 2 जीते हैं।
मौजूदा वर्ल्ड कप में खिलाड़ियों का प्रदर्शन
इस टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सूर्यकुमार यादव ने 7 मैचों में 231 रन बनाए हैं, जबकि वरुण चक्रवर्ती ने 7 मैचों में 12 विकेट झटके हैं। इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रुक ने 7 मैचों में 228 रन बनाए और आदिल रशीद ने 7 मुकाबलों में 11 विकेट लिए हैं।
पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल
वानखेड़े स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां 16 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 8 बार चेज करने वाली और 8 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को जीत मिली है। इस मैदान पर 254 रन का सबसे बड़ा स्कोर बन चुका है। मुंबई में गुरुवार को आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
रिजर्व डे और नियम
मैच के लिए आईसीसी ने एहतियात के तौर पर एक रिजर्व डे (6 मार्च, शुक्रवार) रखा है। यदि 5 मार्च को मैच पूरा नहीं हो पाता है, तो इसे रिजर्व डे पर खेला जाएगा। अगर रिजर्व डे पर भी मैच नहीं हो सका, तो सुपर-8 स्टेज में ग्रुप-1 में शीर्ष पर रहने के कारण इंग्लैंड सीधे फाइनल में पहुंच जाएगा, क्योंकि भारत दूसरे स्थान पर था।
संभावित प्लेइंग-11
भारत की संभावित टीम:
संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड की संभावित टीम:
फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, लियम डॉसन, जैमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर और आदिल रशीद।
मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स और जियोहॉटस्टार ऐप पर देखा जा सकता है।
Pushpendra Chaubey