बांकीपुर से उपचुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर? प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के दावे से हलचल तेज
बिहार विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद एक बार फिर जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर सूबे की सियासत में अपनी सक्रियता दर्ज कराने वाले हैं। प्रशांत किशोर संगठन को मजबूत करने में लग गए हैं। खबरों के मुताबिक, जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव लड़ सकते हैं।
मनोज भारती का दावा: बांकीपुर में सर्वे जारी
जनसुराज पार्टी के बिहार अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि प्रशांत किशोर बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि बांकीपुर में सर्वे हो रहा है। नेता कैंप कर रहे हैं। वहां के लोग, पार्टी कार्यकर्ता चाहते हैं कि प्रशांत किशोर उप चुनाव लड़ें। यह हॉट सीट व बड़ी सीट है।
'प्रशांत किशोर ढहा सकते हैं बीजेपी का किला'
मनोज भारती ने आगे कहा कि बांकीपुर बीजेपी का गढ़ है। यहां बीजेपी के किले को वही ढहा सकता है जो बड़ा चेहरा हो, जिसमें क्षमता हो, जिसको बिहार जानता हो, जिसके पास काम करने का विजन हो। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर में यह सभी काबिलियत है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया है कि पार्टी की Executive कमेटी तय करेगी कि प्रशांत किशोर को लड़ाना है या नहीं। इस सीट पर हम लोग दमखम के साथ तैयारी कर रहे हैं।
प्रशांत किशोर का नया ठिकाना: बिहटा आश्रम
वहीं, दूसरी तरफ प्रशांत किशोर ने अपना ठिकाना भी बदल लिया है। अब वे बिहटा के एक आश्रम में शिफ्ट हो गये हैं, जिसका नाम बिहार नवनिर्माण आश्रम रखा गया है। अभी तक प्रशांत किशोर पटना के शेखपुरा हाउस से अपनी पार्टी के कामकाज संभाल रहे थे और वहीं रहते भी थे। फिलहाल वे अभी विभिन्न जिलों के दौरे पर हैं और पार्टी का कार्यक्रम चल रहा है।
मिशन 2030 की रणनीतियों को यहीं से धार देंगे PK
बता दें कि बिहटा का यह आश्रम पहले बगीचा था, जिसे अब आश्रम का रूप दिया जा रहा है। 15 एकड़ में लगभग 100 से अधिक टेंट लगाए जा रहे हैं। प्रशांत किशोर अगले पांच साल मतलब 2030 बिहार विधानसभा चुनाव तक यहीं रहेंगे। आश्रम से ही राजनीतिक गतिविधियां होंगी। पार्टी का कामकाज देखेंगे। इसके लिए मजदूर दिन-रात काम कर रहे हैं ताकि आश्रम का निर्माण जल्द से जल्द पूरा हो सके।
इस आश्रम को अत्याधुनिक जर्मन हैंगर तंबुओं के साथ-साथ पारंपरिक, हवादार फूस की झोपड़ियों से सजाया गया है। करीब 15 बीघे में फैले इस परिसर में 1000 लोगों के रहने का इंतजाम है। करीब 5 हजार लोगों के बैठने और मीटिंग करने के लिए विशाल जगह तैयार की गई है। परिसर को चार अलग-अलग हिस्सों - विजिटर लाउंज, कार्यकर्ता ब्लॉक, जनरल मीटिंग और वीवीआईपी लाउंज में बांटा गया है। साथ ही मॉडर्न किचन बनाया गया है, जहां रोजाना 700-800 लोगों का खाना बनेगा। पूरे परिसर की सुरक्षा के लिए कंटीले तारों से फैंसिंग की गई है। आश्रम की पूरी जमीन अमहारा गांव के स्थानीय किसानों से लीज पर ली गई है।
मनोज भारती ने आश्रम के बारे में कहा कि पीके व पार्टी के कई वर्कर यहीं रहेंगे। 2030 विधानसभा चुनाव की तैयारी यहीं से होगी। संगठन का कामकाज यहीं से देखा जायेगा। जनसुराज का नया ठिकाना यही है। उन्होंने इस आश्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
Satyam Tripathi