पश्चिम बंगाल में कैबिनेट का पहला विस्तार, 35 मंत्रियों ने ली शपथ
पश्चिम बंगाल में सोमवार को सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार हुआ। राज्यपाल आरएन रवि ने 35 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
मंत्रिपरिषद में अब 41 मंत्री
13 नेताओं को कैबिनेट मंत्री, 3 को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 19 को राज्य मंत्री बनाया गया। इस विस्तार के साथ बंगाल में मंत्रिपरिषद में मंत्रियों की संख्या 41 हो गई है। इससे पहले 9 मई को शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, उनके साथ पांच अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली थी।
मंत्रिमंडल सीमा और विभागों का बंटवारा
संविधान के 91वें संशोधन के अनुसार, राज्य मंत्रिमंडल में विधायकों की संख्या विधानसभा की कुल संख्या के 15% तक सीमित है। पश्चिम बंगाल में 294 विधायक हैं, इसलिए मंत्रिमंडल में अधिकतम 44 मंत्री हो सकते हैं। शपथ ग्रहण के बाद कैबिनेट में 41 मंत्री हो गए हैं, जिससे 3 पद अभी भी खाली हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गृह मंत्रालय समेत अन्य सभी मंत्रालय अपने पास रखे हैं। निशिथ प्रमाणिक को उत्तर बंगाल विकास, खेल और युवा कल्याण मंत्रालय सौंपा गया है, जबकि दिलीप घोष को ग्रामीण विकास, पशु संसाधन विकास, कृषि विपणन की जिम्मेदारी मिली है। अग्निमित्रा पॉल को महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, नगर निकाय विभाग दिए गए हैं। अशोक कीर्तनिया को खाद्य एवं आपूर्ति, सहकारिता विभाग मिला है, और क्षुदीराम टूडू को जनजातीय विकास, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक मामले और मदरसा शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा की राज्य में पहली बार जीत
4 मई को 293 सीटों के नतीजे आए, जिसमें भाजपा को 207 सीटें मिलीं और TMC 80 सीटों पर सिमट गई। फालता सीट पर दोबारा मतदान के बाद भाजपा की कुल सीटें 208 हो गईं।
Ravi Yadav