पुणे में मंगेतर और प्रेमी ने मिलकर की बिजनेसमैन के बेटे की हत्या, 400 फीट गहरी खाई में फेंका
हत्या का प्रयास 14 जून को हुआ, 19 जून को की गई वारदात
पुणे में इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड से मिलती-जुलती वारदात सामने आई है। यहां 26 साल के केतन विशाल अग्रवाल की उनकी मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी (22) ने मिलकर हत्या कर दी। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने केतन को लोहागढ़ किले से करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दिया और इसे हादसा बताने की कोशिश की। केतन 18 जून को अपने मंगेतर सिया के साथ पुणे के लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के लिए गए थे। बाद में उनका शव खाई से मिला।
शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, 17 करोड़ रुपये खर्च होने वाले थे
केतन पुणे जिले के गहुंजे के रहने वाले थे और परिवार के रियल एस्टेट कंपनी में डायरेक्टर थे। वहीं सिया पुणे के एक बड़े मसाला व्यापारी की बेटी है। इस साल नवंबर में राजस्थान के उदयपुर स्थित एक शाही पैलेस में दोनों की शादी होने वाली थी। यह शादी दोनों के परिवारों ने तय की थी। घर में तैयारियां भी शुरू थीं। मेहमानों के लिए दो चार्टर्ड प्लेन की व्यवस्था भी की गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी पर परिवार करीब ₹17 करोड़ खर्च करने वाला था।
बाली ट्रिप और प्री-वेडिंग फोटोशूट की भी हो चुकी थी प्लानिंग
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केतन और सिया शादी से पहले बाली घूमने जाने वाले थे। सारी बुकिंग भी हो गई थी लेकिन सिया ने पासपोर्ट खोने की बात कहकर ट्रिप कैंसिल करा दी। केतन ने सिया के बर्थडे के लिए महाबलेश्वर के एक लग्जरी रिसॉर्ट में 40 कमरे बुक कराए थे। लोहागढ़ किले पर प्री-वेडिंग फोटोशूट की भी तैयारी चल रही थी।
14 जून को हत्या की पहली कोशिश नाकाम, 5 दिन बाद दूसरी बार प्लानिंग
जांच में सामने आया कि सिया और उसके बॉयफ्रेंड चेतन ने 14 जून को ही लोहागढ़ किले पर केतन को मारने की योजना बनाई थी। आरोप है कि दोनों ने सांप का डर पैदा कर उसे खाई में धकेलने की कोशिश की, लेकिन प्लानिंग फेल हो गई। केतन को भी शक नहीं हुआ। इसके बाद 19 जून को सिया ने दोबारा ट्रेकिंग का प्लान बनाया गया और केतन को किले से नीचे धक्का दे दिया गया।
चेतन से पूछताछ के बाद सिया गिरफ्तार, पुलिस पूरी कड़ियां जोड़ने में जुटी
शक के आधार पर स्थानीय क्राइम ब्रांच ने चेतन को हिरासत में लिया। उससे पूछताछ के बाद सिया गोयल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि केतन के पिता विशाल अग्रवाल की शिकायत पर मंगलवार को हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने, फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने और यह पता लगाने में जुटी है कि साजिश में कोई और भी शामिल था या नहीं।
इंदौर में भी हनीमून के दौरान हुई थी ऐसी ही हत्या
केतन की तरह ही इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की मेघालय में हनीमून के दौरान हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में आरोप लगा कि उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी ने अपने प्रेमी राज कुशवाह और अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। दोनों 11 मई 2025 को शादी के बाद हनीमून के लिए मेघालय गए थे, जहां 23 मई को राजा लापता हो गए। 2 जून को उनका शव एक गहरी खाई में मिला। जांच के बाद पुलिस ने सोनम, उसके प्रेमी और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।
Sachin Saxena