राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला: सोशल मीडिया को बताया 21वीं सदी का नशा
बिहार के पूर्णिया में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को चुनावी जनसभा में मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सस्ता डाटा देकर युवाओं को सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम और फेसबुक की लत लगा रहे हैं। राहुल ने इसे 21वीं सदी का नशा बताते हुए कहा कि यह ड्रग्स से भी अधिक खतरनाक है। उन्होंने दावा किया कि सरकार इस तरह युवाओं को असली मुद्दों जैसे बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार से भटका रही है।
बिहार की शिक्षा और रोजगार व्यवस्था पर सवाल
राहुल गांधी ने बिहार की शिक्षा और रोजगार व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा दुबई और बेंगलुरु जैसे शहरों को बना सकते हैं, लेकिन बिहार में ऐसा करने में असमर्थ हैं। उन्होंने नालंदा यूनिवर्सिटी का उदाहरण देकर बताया कि एक समय बिहार शिक्षा का केंद्र था, लेकिन आज यहां पेपर लीक जैसी समस्याएं आम हैं।
मोदी-नीतीश पर आरोप
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का रिमोट पीएम मोदी के हाथ में है। उन्होंने कहा कि बिहार की सरकार दिल्ली से मोदी जी के ऑर्डर पर चलती है। यहां अडाणी और अंबानी के लिए जमीन उपलब्ध है, लेकिन उद्योगों और युवाओं के लिए नहीं।
वोट चोरी का मुद्दा उठाया
राहुल गांधी ने हरियाणा, महाराष्ट्र और बिहार में वोट चोरी का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी से वोट चोरी रोकने की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
मछलियां पकड़ने का अनुभव साझा किया
राहुल गांधी ने बेगूसराय में सभा के बाद मछुआरों के साथ तालाब में जाकर मछलियां पकड़ने का अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने नाव पर सवार होकर तालाब में छलांग लगाई और मछलियां पकड़ीं।
Vivek Singh