बंगाल जीत पर राजभर बोले-अखिलेश एसी-पीसी और ट्वीट वाले नेता:2027 में लंदन चले जाएंगे; केशव ने कहा- सियासत अंतिम सांस ले रही
पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद यूपी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा- अखिलेश यादव ट्वीट, एसी और पीसी के नेता हैं। बंगाल चुनाव नतीजों को लेकर भी मेरे मन में कोई संदेह नहीं था। जिस दिन अखिलेश ने ट्वीट कर ममता दीदी के जीत की मुनादी शुरू की, उसी दिन पक्का हो गया था कि वे हारने जा रही हैं।
उन्होंने मंगलवार को 'X' पर लिखा- गांठ बांध लीजिए। यूपी के 2027 के चुनाव के बाद अखिलेश की राजनीति खत्म हो जाएगी और वह लंदन चले जाएंगे।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने 'X' पर लिखा-
जनता जनार्दन है। उसका आदेश सर्वोपरि है। भ्रम की राजनीति के दिन लद गए। इसमें अब कोई संदेह नहीं कि ‘जनादेश को अपमानित’ करने वालों को इतिहास माफ नहीं करेगा। राहुल गांधी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी और एमके स्टालिन की जनविरोधी राजनीति अब अंतिम सांस ले रही है।
इससे पहले, चुनाव के नतीजे आने के बाद सोमवार को यूपी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर जीत का जश्न मनाया। प्रयागराज में कार्यकर्ताओं ने मोदी-योगी की तस्वीर लेकर डांस किया। वाराणसी, आगरा, कानपुर और झांसी समेत कई जिलों में पटाखे फोड़कर एक-दूसरे को बधाई दी।
सीएम योगी ने भी कैबिनेट मीटिंग से पहले मंत्रियों को मिठाई खिलाई। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ में भाजपा कार्यालय में झालमुड़ी खाई। कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर वाला खिलौना दिखाते हुए बुलडोजर बाबा के नारे लगाए।
बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार, असम में हैट्रिक
दरअसल, पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के रिजल्ट सोमवार को आए। पश्चिम बंगाल के इतिहास में पहली बार भाजपा ने जीत दर्ज की। पार्टी 10 साल में 3 सीटों से 206 सीटों पर पहुंच गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद चुनाव हार गईं। असम में भाजपा ने प्रचंड बहुमत के साथ जीत की हैट्रिक लगाई। तमिलनाडु और केरलम में भी सरकारें बदल गईं। पुडुचेरी में एनडीए की वापसी हुई।
बंगाल के नतीजे अखिलेश के लिए झटका क्यों?
राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि असम और बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत से भाजपा का मनोबल ऊंचा हुआ है। 2027 के चुनाव के लिए अखिलेश लगातार PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की बात कर रहे हैं, लेकिन बंगाल में भाजपा की जीत ने सपा-कांग्रेस गठबंधन के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। सवाल उठने लगा है कि अगर बंगाल में TMC जैसी मजबूत पार्टी हार सकती है, तो यूपी में सपा कितनी देर टिक पाएगी?
अब पढ़िए बंगाल के चुनावी नतीजों के बाद सत्ता पक्ष से किसने-क्या कहा?
अखिलेश बोले- हर फरेबी फतह की मियाद होती है
Sharad Shrivastava