राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाने पर दत्तात्रेय होसबोले का कांग्रेस को जवाब

· 1 min read
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ  पर प्रतिबंध लगाने पर दत्तात्रेय होसबोले का कांग्रेस को जवाब

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाने पर दत्तात्रेय होसबोले का कांग्रेस को जवाब

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने जबलपुर में आयोजित संघ के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी तीन बार संघ पर प्रतिबंध लगाने का प्रयास कर चुकी है, लेकिन अदालत ने उन प्रतिबंधों को गलत ठहराया था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब संघ देश की सुरक्षा, संस्कृति और विकास के लिए काम कर रहा है, तो ऐसे संगठन पर प्रतिबंध लगाने की बात क्यों हो रही है।

जातिगत जनगणना पर दी प्रतिक्रिया

दत्तात्रेय होसबोले ने जातिगत जनगणना को राजनीतिक दृष्टि से गलत ठहराया। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल केवल पिछड़ों के भले के लिए किया जा रहा है, जिससे विभाजन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में कुछ जातियां पीछे रह गई हैं और राजनीति के लिए इन आंकड़ों का उपयोग नहीं होना चाहिए।

धर्मांतरण और घर वापसी पर जोर

संघ के सरकार्यवाह ने देश में बढ़ते धर्मांतरण पर चिंता जताई और इसे रोकने के लिए विशेष प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संघ जनजातीय क्षेत्रों में धर्मांतरण रोकने और धर्म जागरण के लिए काम कर रहा है। साथ ही, उन्होंने पंजाब में धर्मांतरण की समस्या को साजिश बताया और हिंदू धर्म में घर वापसी के प्रयासों की जानकारी दी।

संघ सभी पार्टियों के लिए खुला

होसबोले ने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सभी पार्टियों का है और भाजपा में संघ के स्वयंसेवकों की संख्या अधिक होने के कारण समन्वय ज्यादा है। उन्होंने कहा कि संघ का दरवाजा सभी के लिए खुला है और संगठन भारत के राष्ट्रनिर्माण के लिए कार्यरत है।

Gulzar Ahmad