भारतीय रेलवे ने 2026 भर्ती कैलेंडर जारी किया, 2025 में लेवल-1 के 22 हजार पदों पर नियुक्ति
रेल मंत्रालय के निर्देश पर रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 के लिए भारतीय रेलवे स्तर पर भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके तहत विभिन्न श्रेणियों में होने वाली नियुक्तियों के लिए स्पष्ट समय-सीमा और प्रक्रिया तय की गई है।
2026 के लिए वार्षिक भर्ती कैलेंडर और नोडल आरआरबी
रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (आरआरबी) राजीव गांधी ने सभी जोन के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्णय के अनुसार वर्ष 2026 में रेलवे भर्ती बोर्डों द्वारा की जाने वाली सभी भर्तियां इसी वार्षिक कैलेंडर के अनुसार कराई जाएंगी।
कैलेंडर में विभिन्न अवधि, श्रेणियों, रिक्तियों के आकलन की अधिकतम तिथि, ऑनलाइन इंडेंटिंग एंड रिक्रूटमेंट मैनेजमेंट सिस्टम (OIRMS) में रिक्तियों के आकलन तथा स्वीकृति के बाद ड्राफ्ट विज्ञापन तैयार करने की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
इन भर्तियों में असिस्टेंट लोको पायलट (एएलपी), तकनीशियन, सेक्शन कंट्रोलर, जूनियर इंजीनियर, पैरामेडिकल स्टाफ, नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (एनटीपीसी) लेवल-2, 3, 4 और 5 तथा मिनिस्ट्रियल एंड आइसोलेटेड कैटेगरी शामिल हैं। इन सभी श्रेणियों में भर्ती प्रक्रिया पूरी कराने के लिए क्रमशः जम्मू, तिरुअनंतपुरम, भुवनेश्वर, प्रयागराज, अहमदाबाद, बिलासपुर, चंडीगढ़, गुवाहाटी और मुंबई को नोडल रेलवे भर्ती बोर्ड नामित किया गया है।
सभी जोनल रेलवे और प्रोडक्शन यूनिट को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी रिक्तियों का आकलन निर्धारित समय में कर लें और वार्षिक कैलेंडर के अंतर्गत तुरंत कार्रवाई शुरू कर प्रगति रिपोर्ट बोर्ड को भेजें, ताकि आवश्यक विचार किया जा सके। यदि तय अवधि तक किसी भर्ती प्रक्रिया को पूरा नहीं किया जा सके, तो 2025 भर्ती वर्ष में पहले से भेजी गई रिक्तियों के इंडेंट में आवश्यक कटौती करने की सलाह दी गई है।
रेलवे भर्ती बोर्ड बेंगलुरु विस्तृत शेड्यूल जारी करेगा, जिसके अनुसार सभी जोन रिक्तियों का आकलन करेंगे।
2025 में लेवल-वन के 22 हजार पदों पर भर्ती की मंजूरी
रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2025 के लिए भारतीय रेलवे स्तर पर लेवल-वन के 22 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की भी मंजूरी दे दी है। बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (एमपीपी) शत्रुघ्न बेहरा द्वारा 12 दिसंबर 2025 को जारी पत्र में बताया गया कि ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम (एचआरएमएस) के इंडेंट मैनेजमेंट मॉड्यूल में जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों द्वारा लेवल-वन श्रेणी की रिक्तियों का आकलन किया गया है, जिसकी जांच रेलवे बोर्ड स्तर पर भी पूरी कर ली गई है।
सक्षम प्राधिकारी ने 11 श्रेणियों में कुल 22,000 रिक्तियों को भरने के लिए केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना जारी करने की स्वीकृति दे दी है। इसके लिए जोनल रेलवे और प्रोडक्शन यूनिट को निर्देश दिया गया है कि वे एक सप्ताह के भीतर OIRMS पर अंतिम इंडेंट अपलोड कर दें।
अंतिम इंडेंट भेजते समय अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) समेत सभी आरक्षण श्रेणियों के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना अनिवार्य किया गया है।
जोनल इकाइयों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों को सलाह दी है कि वे वार्षिक कैलेंडर के अनुसार समय पर रिक्तियों का आकलन, इंडेंट अपलोड और अन्य औपचारिकताएं पूरी करें, ताकि 2025 के लेवल-वन पदों तथा 2026 की विभिन्न श्रेणियों की भर्तियों की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।
Vivek Singh