शिवपुरी में तहसीलदार को माफिया ने दी गोली मारने की धमकी
शिवपुरी जिले के बदरवास तहसील के सड़बूड़ गांव में गुरुवार दोपहर को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अवैध मिट्टी उत्खनन रोकने पहुंचे तहसीलदार सचिन भार्गव को माफियाओं ने न केवल धमकाया, बल्कि गोली मारने की धमकी भी दी। इस घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया है। पुलिस ने धमकी देने वाले जयमंडल यादव, उसके पिता लाखन यादव और बेटे विकुल यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकारी जमीन से हो रहा था अवैध उत्खनन
राजस्व विभाग की टीम को सिंध नदी के पास सरकारी जमीन पर अवैध मिट्टी उत्खनन की सूचना मिली थी। तहसीलदार सचिन भार्गव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि घाट तक रेत उत्खनन के लिए रास्ता बनाया जा रहा था। हाइड्रा मशीन से मिट्टी निकालकर दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से उसका अवैध परिवहन हो रहा था।
माफियाओं ने किया विरोध, दी धमकी
जब टीम ने वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की, तो आरोपियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इसी दौरान जयमंडल यादव ने तहसीलदार को धमकी देते हुए कहा, "रुक जाइए। नहीं तो गोली मार दूंगा और जेल चला जाऊंगा।" इसके बाद उसने अपने बेटे विकुल यादव से कहा, "घर से बंदूक ले आ, आज इन सबको गोली मार दूंगा।"
वाहनों को भगा ले गए, एक जब्त
इस हंगामे के बीच आरोपी हाइड्रा और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके से भगा ले गए। मिट्टी से भरी दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को राजस्व टीम ने जब्त कर लिया और बदरवास थाने में खड़ा करा दिया।
15-15 फीट गहरे गड्ढे कर दिए थे
तहसीलदार सचिन भार्गव ने बताया कि आरोपियों ने सरकारी जमीन पर करीब 15-15 फीट गहरे गड्ढे कर दिए थे। पूछताछ में उन्होंने जमीन को निजी बताया, लेकिन उसके साथ लगी शासकीय भूमि पर भी अवैध खनन किया गया था। इसी आधार पर कार्रवाई की गई।
शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला
कोटवार सुनील कुमार ने अपनी शिकायत में लिखा है कि तहसीलदार सचिन भार्गव के साथ पटवारी ब्रिजेन्द्र, प्रभाकर मरैया, जितेंद्र दांगी, कोटवार बलवीर केवट, पवन वाल्मीकि और वे स्वयं मौके पर पहुंचे थे। कार्रवाई के दौरान जयमंडल यादव, लाखन यादव और विकुल यादव ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए शासकीय कार्य में बाधा डाली।
आपराधिक रिकॉर्ड की जांच जारी
थाना प्रभारी नवीन यादव ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Navjeet Kaur