सिंगरौली में अडाणी पावर प्लांट पर मजदूर की मौत के बाद हिंसक हंगामा , तोड़फोड़ और आगजनी

· 1 min read
सिंगरौली में  अडाणी पावर प्लांट  पर  मजदूर की मौत  के बाद  हिंसक हंगामा ,  तोड़फोड़ और आगजनी

सिंगरौली: अडाणी पावर प्लांट में मजदूर की मौत के बाद हिंसक हंगामा

सिंगरौली जिले के माडा थाना क्षेत्र स्थित बधौरा में अडाणी पावर प्लांट में शनिवार सुबह जमकर हंगामा हुआ। एक मजदूर की मौत के बाद गुस्साए मजदूरों ने प्लांट परिसर में तोड़फोड़ और आगजनी की। सामने आए दृश्यों में दूर से काले धुएं का बड़ा गुबार साफ दिखाई दे रहा था।

जानकारी के अनुसार, प्लांट में काम करने वाले मजदूर लल्लन सिंह की शुक्रवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी। मृतक मूल रूप से झारखंड के गढ़वा जिले का निवासी था और लंबे समय से इसी प्लांट में कार्यरत था।

मजदूर की मौत की खबर फैलते ही साथी मजदूरों में आक्रोश भड़क उठा। उन्होंने कंपनी प्रबंधन पर शव छिपाने का गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। यह अफवाह भी तेजी से फैली कि मजदूर लल्लन की मौत ऊंचाई से गिरने के कारण हुई है।

कंपनी प्रबंधन और जिला प्रशासन ने हालांकि दावा किया है कि मजदूर की मौत देर रात हार्ट अटैक से हुई थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए हैं। मजदूरों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान एक दर्जन से अधिक गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया और पलट दिया। इसमें पुलिस चौकी प्रभारी की गाड़ी भी शामिल थी जिसे तोड़कर पलटा दिया गया। वर्तमान में, प्लांट के अंदर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं।

Lokendra Mishra