भोपाल में गैंगवार: हिस्ट्रीशीटर के घर और अस्पताल में फायरिंग, बेटे को लगी गोली

· 1 min read
भोपाल में गैंगवार: हिस्ट्रीशीटर के घर और अस्पताल में फायरिंग, बेटे को लगी गोली

भोपाल में हिस्ट्रीशीटर के घर और अस्पताल में ताबड़तोड़ फायरिंग, बेटे को लगी गोली

भोपाल में शनिवार तड़के हुए गैंगवार में कुख्यात बदमाश लल्लू रईस के अशोका गार्डन स्थित घर पर शादाब गेट और उसके गिरोह के 8 से 10 साथियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में लल्लू रईस के बेटे इमरान के पैर में गोली लगी है।

हमीदिया अस्पताल में भी हुई गोलीबारी

घायल इमरान को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया। आरोप है कि बदमाशों ने अस्पताल परिसर में भी घुसकर गोलियां चलाईं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। गोलियां अस्पताल की खिड़की और दीवार पर जाकर लगीं। लल्लू रईस ने बताया कि अस्पताल में उन पर भी फायरिंग की गई, हालांकि उन्हें कोई गोली नहीं लगी।

पुरानी रंजिश और अवैध कारोबार का मामला

लल्लू रईस के मुताबिक, शादाब गेट, शावर, गुड्डू स्टेशन और अल्लू परवेज समेत 8 से 10 लोग सुबह करीब 5:45 बजे शंकर गार्डन स्थित उनके घर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि आरोपी उनके बेटे इमरान का पीछा करते हुए घर तक आए थे। आरोपियों ने पीछे से इमरान पर फायर किया था, जिससे वह घायल हो गया।

लल्लू रईस का कहना है कि यह हमला करीब दो साल पहले इमरान द्वारा शादाब गेट के भाई पर किए गए हमले की रंजिश का बदला लेने के लिए किया गया। साथ ही, लल्लू रईस का आरोप है कि आरोपी शहर में जुआ और सट्टे का अवैध कारोबार चलाते हैं, और वह उनके काले कारनामों के वीडियो बनाकर उजागर करते हैं, जिससे उनके अवैध कारोबार बंद हो जाते हैं। इसी वजह से आरोपी उनकी हत्या करना चाहते हैं।

पुलिस जांच जारी

पुलिस के मुताबिक, यह मामला अशोका गार्डन और कोहेफिजा थाना क्षेत्र से जुड़ा है। दोनों थानों की पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं। एसीपी अनिल बाजपेयी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हमीदिया अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Adarsh Chaurasiya