सीएम यादव और डिप्टी सीएम देवड़ा ने बैतूल में दी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की बेटी को श्रद्धांजलि
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री कृष्णा गौर शनिवार को बैतूल पहुंचे। उन्होंने गंज स्थित निवास पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पुत्री सुरभि के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बैतूल दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हेलीकॉप्टर से बैतूल पहुंचे और खंडेलवाल निवास जाकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने सुरभि के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि खंडेलवाल जी ने सुरभि की बहुत सेवा की थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि सुरभि बाल्यकाल से ही कष्ट में थीं, लेकिन परिवार के किसी सदस्य के बिछड़ने का दुख असहनीय होता है। डॉ. यादव ने इस दुख की घड़ी में परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा को मोक्ष प्रदान करने की प्रार्थना की।
उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने सड़क मार्ग से दी संवेदना
इससे पहले उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री कृष्णा गौर भी सड़क मार्ग से बैतूल पहुंचे थे। उन्होंने भी खंडेलवाल निवास पर परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। देवड़ा ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
प्रदेशभर के नेताओं का लगा रहा तांता
सुरभि खंडेलवाल के निधन के बाद से बैतूल में प्रदेशभर के नेताओं का आना लगातार जारी है। शनिवार को भी प्रदेश सरकार के अन्य मंत्री, जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता और कार्यकर्ता खंडेलवाल निवास पर लगातार आते-जाते रहे। सभी ने दिवंगत सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा और हेलीपैड की व्यवस्थाएं संभालीं।
Amit Pateria