टीकमगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष उपचुनाव स्थगित, नया कार्यक्रम जारी होगा
राज्य निर्वाचन आयोग ने टीकमगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष के उपचुनाव को आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक श्रोतिय ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। आयोग के आदेश के बाद 8 सितंबर से प्रारंभ होने वाली नामांकन प्रक्रिया भी रद्द कर दी गई है। ग्रामीण पंचायतों के निर्वाचन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यथावत रहेंगे।
कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष उपचुनाव के लिए मंगलवार से नामांकन फार्म वितरण की प्रक्रिया शुरू होनी थी, जिसे आयोग के निर्देश पर रोक दिया गया है। अब नगरीय निकाय उपचुनाव के लिए नया कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
पूर्व निर्धारित चुनावी कार्यक्रम और पृष्ठभूमि
टीकमगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार को वित्तीय गड़बड़ियों के चलते अयोग्य घोषित किया गया था और उनके चुनाव लड़ने पर 6 साल के लिए रोक लगाई गई है। अध्यक्ष पद रिक्त होने पर डिप्टी कलेक्टर अंजली शर्मा को नगर पालिका का प्रभारी अध्यक्ष बनाया गया था। राज्य निर्वाचन आयोग ने 31 जुलाई को उपचुनाव की तारीखों का ऐलान किया था, जिसके बाद कलेक्टर ने 1 सितंबर को नगरीय चुनाव की आचार संहिता लागू कर दी थी। पिछले एक सप्ताह से भाजपा और कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए दावेदारों ने अपनी दावेदारी जताना शुरू कर दिया था।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन का काम 8 सितंबर से 18 सितंबर तक होना था। नाम-निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर तय की गई थी। 18 सितंबर को नाम वापसी की अंतिम तारीख थी और उसी दिन नाम वापसी के बाद चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची तैयार कर चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाना था। मतदान 29 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होना था, जबकि मतगणना और परिणाम की घोषणा 3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से होनी थी।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी पत्र में बताया गया कि राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव ने नगरीय निकायों के उप निर्वाचन वर्ष 2026 (पूर्वार्द्ध) को आगामी आदेश तक स्थगित करने की जानकारी दी है। मध्यप्रदेश नगरपालिका निर्वाचन नियम 1994 के नियम 23 सहपठित नियम 11-क के तहत उपचुनाव को नए सिरे से री-शेड्यूल किया जाएगा। आयोग के निर्देश के बाद जिले में नगरीय निकाय उप निर्वाचन की सूचना जारी नहीं की गई है। अब राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नया कार्यक्रम जारी होने के बाद ही नामांकन और चुनाव की प्रक्रिया दोबारा शुरू होगी।
Janmejay Chaturvedi