उज्जैन में 101 फीट के दो रावण पुतले तैयार, 3D-वाटरप्रूफ डिजाइन

· 1 min read
उज्जैन में 101 फीट के दो रावण पुतले तैयार, 3D-वाटरप्रूफ डिजाइन

उज्जैन में दशहरे पर जलेंगे 101 फीट के दो रावण पुतले

उज्जैन में 20 अक्टूबर को मनाए जाने वाले दशहरा पर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार शहर में रावण दहन के लिए 101 फीट ऊंचे दो विशाल पुतले तैयार किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि दशहरा मैदान और कार्तिक मेला परिसर के लिए बनाए जा रहे दोनों पुतलों का निर्माण एक ही स्थान दशहरा मैदान में हो रहा है। कारीगर अब इन्हें अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

पुतले तैयार कर रहे कारीगर राम लखन कहार ने बताया कि इस बार उन्होंने तीन स्थानों के लिए रावण के पुतले बनाए हैं। इनमें झाल स्कूल के लिए वाल्मीकि रावण तैयार किया गया है, जबकि दशहरा मैदान और कार्तिक मेला परिसर के लिए 101 फीट ऊंचे पुतले बनाए जा रहे हैं।

राक्षसी सेना के राजा का रूप

इस बार दशहरा मैदान के रावण को खास थीम पर तैयार किया जा रहा है। इसे राक्षसी सेना के राजा का रूप दिया गया है। पुतले को राजा की तरह सजाया जा रहा है, जबकि उसके चेहरे पर राक्षसी छवि दिखाई देगी। इसमें बड़े-बड़े राक्षसी दांत और मुकुट पर सींग लगाए गए हैं। इस खास डिजाइन के चलते पुतले की ऊंचाई 101 फीट से कुछ अधिक भी हो सकती है। कार्तिक मेला परिसर के लिए तैयार हो रहे 101 फीट ऊंचे रावण को भी राजा का रूप दिया गया है। इसके हाथ में कांटेदार पारंपरिक हथियार रहेगा।

3D डिजाइन और वाटरप्रूफ निर्माण

कारीगरों के मुताबिक, इस बार रावण के पुतलों को फुल 3D डिजाइन में तैयार किया जा रहा है। इन्हें वाटरप्रूफ बनाया जा रहा है, ताकि बारिश या खराब मौसम का असर कम से कम पड़े। दोनों विशाल रावण के पुतलों को तैयार करने में आठ कारीगरों की टीम करीब 25 दिन से लगातार जुटी हुई है। फिलहाल दोनों पुतलों की फिनिशिंग का काम अंतिम दौर में है। दशहरा पर्व से पहले इन्हें पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा।

Sharad Shrivastava