उमा भारती ने विपक्षी नेताओं की विश्वसनीयता खत्म होने का दावा किया

· 1 min read
उमा भारती  ने विपक्षी नेताओं की  विश्वसनीयता खत्म  होने का दावा किया

उमा भारती ने विपक्षी नेताओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए

मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री साध्वी उमा भारती प्रयागराज पहुंचीं। उन्होंने गंगा में पांच डुबकी लगाई और बिहार चुनाव में एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिलने का दावा किया। उमा भारती ने कहा कि जनता प्रधानमंत्री मोदी के साथ है और विपक्षी नेताओं राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव की विश्वसनीयता खत्म हो चुकी है।

गंगा में पांच डुबकी और संकल्प

उमा भारती ने गंगा स्वच्छता और श्रद्धा संकल्प अभियान के तहत संगम नोज पर हजारों गंगा भक्तों के साथ पांच डुबकी लगाई। उन्होंने पहली डुबकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देने के लिए लगाई। दूसरी डुबकी संत समाज के लिए, तीसरी प्रयागराजवासियों के प्रति कृतज्ञता, चौथी श्रद्धालुओं के लिए और पांचवीं गंगा को अविरल, निर्मल और निरंतर बनाए रखने के संकल्प के लिए थी।

गंगा और गाय के संरक्षण पर जोर

उमा भारती ने गंगा और गाय के संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि 2014 में मोदी सरकार द्वारा गंगा मंत्रालय बनाया गया था, जिसकी मंत्री वे स्वयं रहीं। गंगा की स्वच्छता के लिए दीर्घकालीन ट्रीटमेंट प्लांट तैयार किए गए हैं। हालांकि, कोरोना महामारी और बार-बार चुनावों के कारण विकास कार्य प्रभावित हुए हैं।

उन्होंने वन नेशन वन इलेक्शन की जरूरत पर जोर दिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे लागू होने की उम्मीद जताई। साथ ही, उन्होंने श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण और धारा 370 हटाने जैसे कार्यों की सराहना की।

Sharad Shrivastava