भारत U-19 की धमाकेदार बल्लेबाजी, वैभव सूर्यवंशी और आरोन जॉर्ज के शतक
भारत अंडर-19 टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे यूथ वनडे में विशाल स्कोर खड़ा करते हुए मेजबान टीम के सामने 394 रन का लक्ष्य रखा। मुकाबला बेनोनी के विलोमूर पार्क स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया।
वैभव सूर्यवंशी की तेज शतकीय पारी
भारतीय कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 63 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और कुल 74 गेंदों पर 127 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 10 छक्के और 9 चौके शामिल रहे। यह वैभव की बतौर कप्तान भारत के लिए पहली सेंचुरी है।
आरोन जॉर्ज का शतक और विशाल ओपनिंग साझेदारी
ओपनर आरोन जॉर्ज ने भी शतकीय पारी खेलते हुए 118 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी और आरोन जॉर्ज के बीच पहली विकेट के लिए 227 रन की साझेदारी हुई, जिसने भारतीय टीम की मजबूत नींव रखी।
भारत का स्कोर और साउथ अफ्रीका पर पेनाल्टी
भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 393 रन बनाए। साउथ अफ्रीकी टीम पर 5 रन की पेनाल्टी भी लगाई गई, जिसके चलते लक्ष्य 394 रन का हो गया।
अंडर-19 वनडे में वैभव के रिकॉर्ड, कोहली के करीब
वैभव सूर्यवंशी अब भारत की ओर से अंडर-19 वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में विराट कोहली से सिर्फ 5 रन पीछे हैं। वैभव 18 मैचों में 973 रन बना चुके हैं, जबकि विराट कोहली ने 28 मैचों में 978 रन बनाए थे। वैभव का औसत 54.05 है, जो कोहली के 46.57 से बेहतर है।
इस सूची में विजय जोल 36 मैचों में 1404 रन के साथ शीर्ष पर हैं। यशस्वी जायसवाल 1386 रन के साथ दूसरे और तन्मय श्रीवास्तव 1316 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं। उन्मुक्त चंद, सरफराज खान और शुभमन गिल भी इस सूची में वैभव से ऊपर मौजूद हैं।
पिछले मैच में वैभव की विस्फोटक पारी
इससे पहले दूसरे वनडे में भी वैभव सूर्यवंशी ने साउथ अफ्रीका अंडर-19 के खिलाफ महज 19 गेंदों में अर्धशतक जमाया था। उस मैच में उन्होंने 24 गेंदों में 68 रन बनाए थे, जिसमें 10 छक्के और एक चौका शामिल था। उनकी उस पारी के 68 में से 64 रन बाउंड्री से आए थे।
टीम combination और किए गए बदलाव
तीसरे मैच के लिए भारत ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए। दीपेश देवेंद्रन और खिलन पटेल को आराम दिया गया, जबकि उनकी जगह उद्धव मोहन और हेनिल पटेल को टीम में शामिल किया गया।
सीरीज की स्थिति
भारत तीन मैचों की इस सीरीज में पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त बना चुका है। टीम ने पहला मैच 25 रन से और दूसरा मैच 8 विकेट से जीता था। तीसरा मैच भारत के लिए क्लीन स्वीप का मौका है।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत की प्लेइंग इलेवन में आरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश पंगालिया, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, मोहम्मद एनान, खिलान पटेल, उधव मोहन और हेनिल पटेल शामिल हैं।
साउथ अफ्रीका की ओर से जोरिच वान शल्कविक, अदनान लागाडियन, मुहम्मद बुलबुलिया (कप्तान), जेसन राउल्स, डेनियल बोसमैन, पॉल जेम्स, लेथाबो फाह्लामोहलाका (विकेटकीपर), कॉर्न बोथा, माइकल क्रुइस्कैम्प, जे जे बैसन और एनटांडो सोनी मैदान पर उतरे हैं।
अन्य खेल खबर: एशेज टेस्ट में अनोखा रिकॉर्ड
एक अन्य मुकाबले में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे एशेज के पांचवें और आखिरी टेस्ट के चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में 567 रन पर ऑलआउट हुई और इंग्लैंड पर 183 रन की बढ़त हासिल की। इंग्लैंड ने पहली पारी में 384 रन बनाए थे।
दिन का खेल समाप्त होने तक इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 8 विकेट पर 302 रन बना लिए थे और कुल 119 रन की बढ़त हासिल कर ली थी। जैकब बेथेल 142 रन बनाकर नाबाद लौटे। मुकाबले का पांचवां दिन गुरुवार को शुरू होगा।
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के दौरान सात बार 50 या उससे अधिक की साझेदारी हुई, जो एशेज इतिहास में पहली बार देखने को मिला और यह इस मैच की खास उपलब्धि बन गई।
Sachin Saxena