विजयपुर उपचुनाव मामला: सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, मल्होत्रा SLP की तैयारी में
विजयपुर विधानसभा उपचुनाव से जुड़ा मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच द्वारा दिए गए फैसले के बाद, विधायक मुकेश मल्होत्रा इस निर्णय को चुनौती देने के उद्देश्य से दिल्ली पहुंच चुके हैं। वह सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) दायर करने की तैयारी कर रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, बुधवार तक सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दाखिल करने का प्रयास किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा ने भी हाईकोर्ट के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की बात कही है।
दूसरी ओर, रामनिवास रावत ने केविएट दाखिल करने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यदि मल्होत्रा की ओर से अपील की जाती है, तो सुप्रीम कोर्ट उनके पक्ष को सुने बिना कोई अंतरिम आदेश जारी न करे। गौरतलब है कि हाईकोर्ट ने विजयपुर उपचुनाव मामले में अपने फैसले में मुकेश मल्होत्रा के चुनाव को शून्य घोषित करते हुए रामनिवास रावत को निर्वाचित घोषित किया था।
Gulzar Ahmad