भोपाल में 14 मार्च को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन: वीर रस, हास्य और व्यंग्य की प्रस्तुति
राजधानी भोपाल में होली और रंगपंचमी के उत्सव के बीच साहित्यिक रंग घुलने जा रहे हैं। शहर के सोमवारा स्थित भवानी चौक में 14 मार्च, शनिवार को एक अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम रात 8 बजे से शुरू होगा, जिसमें देश के विभिन्न शहरों से आए कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को वीर रस, हास्य और व्यंग्य की शानदार प्रस्तुतियां सुनाएंगे।
हिंदू उत्सव समिति भोपाल कर रही है आयोजन
इस साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन हिंदू उत्सव समिति भोपाल द्वारा किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि होली और रंगपंचमी सिर्फ रंगों के त्योहार नहीं हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति और साहित्यिक अभिव्यक्ति का भी उत्सव हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए हर वर्ष की तरह इस बार भी कवि सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। समिति ने शहर के साहित्य प्रेमियों और नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर कवि सम्मेलन का आनंद लेने की अपील की है।
ये कवि पहुंचाएंगे भोपाल
कवि सम्मेलन का संचालन सबरस कवि शशिकांत यादव ‘शशि’ (देवास) करेंगे। मंच पर कविता तिवारी (लखनऊ), राम भदावर (जयपुर) और सूर्यकांत चतुर्वेदी (भोपाल) अपनी वीर रस की रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। वहीं, हास्य और व्यंग्य की प्रस्तुति से दिनेश ‘देसी घी’ (शाजापुर), मुन्ना बैट्री (मंदसौर) और अमित शुक्ला (प्रयागराज) माहौल को हल्का और रोचक बनाएंगे। कार्यक्रम के संयोजक हिंदू उत्सव समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल चौधरी होंगे, जो आयोजन की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे।
Ravi Yadav