सुप्रीम कोर्ट में आज विजयपुर विधायक मामले की सुनवाई
मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले की विजयपुर सीट से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा के निर्वाचन को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट में महत्वपूर्ण सुनवाई होगी। सुप्रीम कोर्ट आज दोपहर तक इस मामले में अहम निर्णय दे सकता है कि मुकेश मल्होत्रा विधायक रहेंगे या भाजपा नेता रामनिवास रावत नए विधायक बनेंगे। सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस केवी वी की बेंच इस मामले की सुनवाई कर रही है।
हाईकोर्ट ने रद्द किया था मल्होत्रा का निर्वाचन
गौरतलब है कि ग्वालियर हाईकोर्ट ने 9 मार्च को मुकेश मल्होत्रा का चुनाव शून्य घोषित कर दिया था। कोर्ट ने पाया था कि मल्होत्रा ने अपने चुनाव नामांकन में अपने खिलाफ दर्ज 6 आपराधिक मामलों में से 2 की जानकारी छिपाई थी, जिसे चुनावी नियमों का उल्लंघन माना गया। हाईकोर्ट ने दूसरे नंबर के उम्मीदवार रामनिवास रावत को विजयपुर का नया विधायक घोषित करने का आदेश दिया था।
सुप्रीम कोर्ट जाने के लिए मिला था 15 दिन का समय
हाईकोर्ट ने मल्होत्रा को सुप्रीम कोर्ट में अपील करने के लिए 15 दिन का समय दिया था, जिसकी समयसीमा 24 मार्च को पूरी हो रही है। मुकेश मल्होत्रा को अपनी विधायकी बचाने के लिए 20 मार्च तक सुप्रीम कोर्ट से 'स्टे' ऑर्डर लाना अनिवार्य होगा। यदि सुप्रीम कोर्ट हाईकोर्ट के फैसले पर रोक लगा देता है, तो मल्होत्रा विधायक बने रहेंगे। इसका तकनीकी मतलब यह है कि अगले 15 दिनों तक रामनिवास रावत को विधायक के रूप में शपथ नहीं दिलाई जा सकती है।
मुकेश और रामनिवास दोनों ने बदली थी पार्टी
राजनीतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो पूर्व राज्यमंत्री मुकेश मल्होत्रा ने 2 मई 2024 को कांग्रेस जॉइन की थी। 2023 विधानसभा चुनाव में वे विजयपुर सीट से निर्दलीय लड़े थे, जहाँ उन्हें 45 हजार वोट मिले थे। मल्होत्रा पहले भाजपा में थे, तब सरकार ने उन्हें सहारिया प्राधिकरण का अध्यक्ष व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री बनाया था। विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने 2023 के चुनाव से पहले भाजपा का साथ छोड़ दिया था। वहीं, रामनिवास रावत भी पहले कांग्रेस में थे और बाद में भाजपा में शामिल हुए थे। विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में 70 हजार से ज्यादा सहारिया आदिवासी वोट हैं, जिन्हें ध्यान में रखकर कांग्रेस ने मल्होत्रा को उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया था।
आज का फैसला रहेगा अहम
आज सुप्रीम कोर्ट का फैसला विजयपुर सीट के राजनीतिक भविष्य को तय करेगा, और यह निर्धारित करेगा कि विधायक मुकेश मल्होत्रा बने रहेंगे या रामनिवास रावत विधायक का पदभार संभालेंगे।
Satyam Tripathi