विराट कोहली ने फलाहारी महाराज के आरोपों को खारिज किया, प्रेमानंद महाराज से मिलने को आस्था बताया
कोहली की टीम ने जारी किया खंडन बयान
भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली की टीम ने बुधवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा के आरोपों को खारिज कर दिया। बयान में कहा गया, "विराट को लेकर जो दावे किए गए हैं, वे गलत और बेबुनियाद हैं। वे प्रेमानंद महाराज से गहरी आस्था और श्रद्धा के कारण मिलते हैं।" यह बयान फलाहारी महाराज के आरोप सामने आने के एक दिन बाद जारी किया गया।
फलाहारी महाराज का आरोप और पलटवार
श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने एक दिन पहले एक पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि आश्रम के एक बिल्डर गुट ने भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली को कथित तौर पर 5 करोड़ रुपए देकर प्रेमानंद महाराज के दरबार में बुलाया था। कोहली की टीम का बयान आने के बाद फलाहारी बाबा ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि उनके पास 5 करोड़ रुपए के लेनदेन के सबूत हैं। उन्होंने कहा कि कोहली को अपने अकाउंट्स की जांच करवानी चाहिए, जिससे "सब कुछ दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा कि पैसों का लेन-देन हुआ था या नहीं।" फलाहारी महाराज ने यह भी दावा किया कि बाद में कोहली ने संत प्रेमानंद के आश्रम में पैसा लगाया।
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा संत प्रेमानंद महाराज के भक्त हैं और कई बार वृंदावन में उनके दर्शन के लिए जा चुके हैं। पिछली बार दोनों गुरु पूर्णिमा से पहले 22 जुलाई को नए आश्रम यमुना विहार कुंज पहुंचे थे। दोनों चेहरे पर मास्क लगाकर नंगे पांव आश्रम के अंदर गए। बारिश से रास्ते में कीचड़ था। विराट, अनुष्का का हाथ थामकर कीचड़ में चलते नजर आए।
Navjeet Kaur