यूजीसी नियमों के खिलाफ दिल्ली में बड़ा आंदोलन, रामलीला मैदान में शक्ति प्रदर्शन की चेतावनी
यूजीसी नियमों को लेकर देशव्यापी विरोध के बीच सवर्ण समाज समन्वय समिति से जुड़े 40 से अधिक संगठनों ने इन नियमों के खिलाफ अपने आंदोलन को तेज करने की घोषणा की है। समिति ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी है कि यदि यूजीसी नियमों को वापस नहीं लिया गया, तो 8 मार्च 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में "यूजीसी रोल बैक आंदोलन" किया जाएगा।
आंदोलन की शुरुआत और प्रमुख मांगे
इस आंदोलन की शुरुआत 1 फरवरी को आहूत देशव्यापी बंद के समर्थन से होगी। पंडित मदन मोहन मालवीय मिशन स्मृति भवन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में समिति के प्रमुख स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने यह जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूजीसी नियम खामियों से भरे और समाज को बांटने वाले कानून हैं, जिन्हें किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट की रोक के बावजूद संसद से वापसी की मांग
स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की अस्थायी रोक के बावजूद, यह कानून तभी समाप्त होगा जब संसद इसे पूरी तरह से वापस ले लेगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में करणी सेना के राज सिंह शेखावत, भीम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीधर साल्वे, हिंदू महासभा के विजय कौशिक, कायस्थ महासभा के अनूप श्रीवास्तव और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता डीपी श्रीवास्तव सहित कई संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Sachin Saxena